'12 बदमाश आए और रवि को चाकू मार दिया...' कहानी बना रहे 'हत्यारे' दोस्तों का पर्दाफाश

मधेपुरा में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. 12 बदमाशों द्वारा हत्या की कहानी झूठी निकली और मामला दोस्त की साजिश का निकला. प्रेम प्रसंग को लेकर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया.

Advertisement
  'हत्यारे' दोस्तों का पर्दाफाश (Photo: itg) 'हत्यारे' दोस्तों का पर्दाफाश (Photo: itg)

aajtak.in

  • मधेपुरा ,
  • 19 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:57 PM IST

बिहार में मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जिस घटना को पहले 12 बदमाशों द्वारा घेरकर हत्या किए जाने की कहानी बताया जा रहा था, वह दरअसल दोस्त की ही रची साजिश निकली. पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध के कारण ही युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी.

Advertisement

दोस्तों के साथ टहलने गया था रवि

दरअसल, मोहनपुर गांव निवासी मनोज मेहता के पुत्र रवि मोहन कुमार गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद अपने दो दोस्तों छत्तीस कुमार और विक्रम कुमार के साथ घर से कुछ ही दूरी पर ड्रेनेज किनारे टहलने निकला था.कुछ देर बाद उसके दोनों दोस्त घबराए हुए रवि के घर पहुंचे और परिजनों को बताया कि छह मोटरसाइकिल पर सवार करीब 12 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया था.

'खेत में छुपकर हमने अपनी जान बचा ली'

उन्होंने दावा किया कि वे किसी तरह खेत में छिपकर अपनी जान बचा लिए, लेकिन बदमाश रवि मोहन को पकड़कर पास के मक्का खेत में ले गए और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. दोस्तों की इस बात को सुनकर परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे, जहां मक्का खेत में रवि मोहन की खून से लथपथ लाश मिली. सूचना मिलने पर बिहारीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

Advertisement

पटाखा छोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों और दोस्तों ने पुलिस को बताया कि उसी रात एक शादी समारोह में पटाखा छोड़ने को लेकर कुछ युवकों से रवि मोहन की बहस हो गई थी और उसी विवाद में ये हत्या की गई है.हालांकि पुलिस को शुरू से ही इस कहानी पर शक हुआ. जब पुलिस ने तकनीकी और मानवीय जांच का दायरा बढ़ाया और दोनों दोस्तों से कड़ाई से पूछताछ की तो पूरी कहानी ही बदल गई.

दोस्त की पत्नी से नजदीकी 

पुलिसिया जांच में सामने आया कि मृतक रवि मोहन का अपने ही दोस्त विक्रम कुमार की पत्नी से लंबे समय से नजदीकी संबंध था. यह बात विक्रम को नागवार गुजर रही थी और वह मौका तलाश रहा था.गुरुवार की रात विक्रम ने अपने सहयोगी छत्तीस कुमार के साथ मिलकर रवि मोहन को टहलने के बहाने मक्का खेत की ओर ले गया और वहां चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शक से बचने के लिए दोनों ने 12 बदमाशों के हमले की झूठी कहानी गढ़ दी और शादी में हुए विवाद को हत्या की वजह बताने लगे.फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्रम कुमार और उसके सहयोगी छत्तीस कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है .

Advertisement

Input: मुरारी कुमार सिंह

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement