बिहार: ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत, बेटे का शव देख बेहोश हुए पिता

लखीसराय के टाउन थाना में तैनात होमगार्ड जवान प्रफुल्ल कुमार की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मौत की खबर सुनकर उनके पिता बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है.

Advertisement
युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन. (Photo: Screengrab) युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • लखीसराय ,
  • 22 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:56 PM IST

लखीसराय के टाउन थाना में तैनात होमगार्ड जवान प्रफुल्ल कुमार की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मौत की खबर सुनकर उनके पिता बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है. लखीसराय जिले में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब टाउन थाना में तैनात होमगार्ड जवान प्रफुल्ल कुमार की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisement

मृतक की पहचान रामगढ़चौक थाना क्षेत्र के गरसंडा गांव निवासी लगभग 45 वर्षीय प्रफुल्ल कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह टाउन थाना में होमगार्ड के रूप में तैनात थे और ड्यूटी के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. मणिभूषण कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.

ड्यूटी पर होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत

घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, सदर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. मृतक के पिता बेटे की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गए, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें गोद में उठाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया. वहां डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया. परिजनों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण प्रफुल्ल कुमार को हीट स्ट्रोक आया होगा या फिर हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई होगी. हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. चिकित्सकों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान बिसरा सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा ताकि मौत की वजह स्पष्ट हो सके. इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

पुलिस ने जांच शुरू की, विभाग में शोक की लहर

घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है. साथी कर्मियों ने भी इस घटना पर दुख जताया है. वहीं परिजनों का कहना है कि प्रफुल्ल कुमार अपनी ड्यूटी को लेकर हमेशा जिम्मेदार रहते थे और अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है. डॉक्टरों और पुलिस दोनों ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement