इंजन में हुई स्पार्किंग, धुआं निकला, फिर आग का गोला बन गई बाइक, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान

बिहार के कटिहार में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चलती बाइक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जल गई. बाइक पर बैठे दो युवकों ने कूदकर अपनी जान बचाई. पीड़ित बाइक सवारों का कहना है कि बाइक के इंजन के पास अचानक स्पार्किंग के बाद धुआं दिखा, फिर कुछ ही सेकंड में आग लग गई.

Advertisement
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू. (Photo: Screengrab) फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू. (Photo: Screengrab)

बिपुल राहुल

  • कटिहार,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:30 AM IST

बिहार के कटिहार में भीषण गर्मी के बीच एक बड़ा हादसा होते होते टल  गया. यहां शहर के शहीद चौक ओवरब्रिज पर चलती बाइक आग का गोला बन गई. आग लगने के बाद बाइक सड़क के बीचो-बीच धू-धूकर जलने लगी. बाइक पर सवार दो युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई.

यह घटना कटिहार शहर के शहीद चौक के पास स्थित ओवरब्रिज पर हुई. यहां इकलाख आलम नाम का व्यक्ति अपने साथी  शाहनवाज आलम के साथ बाइक से जा रहा था. जब ये लोग शहीद चौक के पास पहुंचे, तभी बाइक के इंजन के पास अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं उठने लगा. देखते ही देखते बाइक में आग लग गई.

Advertisement

चलती बाइक में आग लगते देख दोनों युवक घबरा गए और बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. इसके बाद बाइक में आग की लपटें उठने लगीं. सड़क पर जलती बाइक देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस दौरान ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

यह भी पढ़ें: गुजरात में दर्दनाक हादसा... पुल से गिरकर कार में लगी आग, 2 महिला शिक्षकों समेत 3 की जिंदा जलकर मौत

घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक को कंट्रोल किया और स्थिति को सामान्य किया.

पीड़ित बाइक सवार इकलाख आलम और उसके साथी का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण बाइक में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी वजह से बाइक में आग लग गई. वहीं पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई चपेट में नहीं आया. वहीं घटना के दौरान मौजूद लोग जलती बाइक का वीडियो बनाने लगे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग बर्निंग बाइक कह रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »