बिहार के जहानाबाद परस बीघा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बीघा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन की चपेट में आने से चार वर्षीय की मौत हो गई. मृतक बच्ची गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
जानकारी के अनुसार परस बिगहा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी. इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में बच्ची उसकी चपेट में आ गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में परिजन बच्ची को इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकूराबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर कई जगहों पर लकड़ी और ठेला सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. जिससे यातायात बाधित हो गया. वहीं एक मोटरसाइकिल पर तीन सवार आए और जहानाबाद की ओर जाने लगे. जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया. लेकिन वे रुके नहीं, जिसपर ग्रामीणों ने उनपर भी लाठी डंडे से हमला कर दिया.
इस हमले में पिंकू कुमार, खुशी कुमार और मंजन कुमार घायल हो गए. सभी शकूराबाद थाना क्षेत्र के सावन बीघा के रहने वाले थे. ग्रामीणों का कहना था कि बसंतपुर पेट्रोल पंप के पास लगभग एक वर्ष पूर्व भी एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, लेकिन उसके परिजनों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है. ऐसे में इस मामले में भी तुरंत मुआवजा दिया जाए और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. एएसपी मनोज पांडे के नेतृत्व में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, डीएसपी संजीव कुमार, एसडीएम समेत करीब दर्जन भर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि सिकरिया थाना की पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी दौरान कुछ उग्र ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया.
लाठी-डंडों से प्रहार कर थाने की गाड़ी के पीछे का शीशा तोड़ दिया. साथ ही गाड़ी के बोनट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए किसी तरह वाहन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और हालात को बिगड़ने से रोका. पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने और उचित कार्रवाई व मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ. जिससे यातायात पुनः बहाल हो सका.
डीएसपी ने मामले में कही ये बात
सड़क जाम के कारण इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस दौरान दोनों तरफ कई वाहन फंसे रहे, जबकि बाइक सवार वैकल्पिक लिंक मार्गों से किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचते नजर आए. इधर पूछे जाने पर डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि बच्ची सड़क पार कर रही थी. जिससे पुलिस की गाड़ी से ठोकर लगने से बच्ची की मौत हो गई. ग्रामीणों द्वारा कई जगहों पर सड़क जाम किया गया. जिसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सैयद मुशर्रफ इमाम