बिहार के गोपालगंज में एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पूर्व सरपंच के बेटे का शव खून से लथपथ हालत में गांव के बाहर चंवर से बरामद किया गया है. हैरत की बात यह है कि मृतक के मोबाइल नंबर से ही उसके भाई के व्हाट्सएप पर मैसेज कर उसे मारकर फेंक देने की खबर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं एफएसएल टीम की मदद से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना हथुआ थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव की है. मृतक कपिलदेव राम का 23 साल कका बेटा अनीश कुमार बताया गया है. ये हत्या प्रेम-प्रसंग को लेकर की गई बताई जा रही है.
व्हाट्सएप पर आया मौत का कबूलनामा
बताया जाता है कि हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर पंचायत के पूर्व सरपंच कपिलदेव राम के 23 साल का बेटा अनीश कुमार रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी बीच सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अनीश के मोबाइल नंबर से उसके भाई के व्हाट्सएप पर एक संदेश आया. संदेश में लिखा था कि प्रेम-प्रसंग के कारण अनीश की हत्या कर दी गई है और शव को wफेंक दिया गया है. यह मैसेज पढ़ते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हथुआ थाना पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान सोहागपुर गांव से सटे बंगरा चंवर से अनीश का खून से लथपथ शव बरामद किया गया. मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मौजूद थे.
FSL टीम की मदद से जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और एफएसएल की टीम की मदद से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं. पुलिस मृतक के मोबाइल से भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.
पूरे मामले में पुलिस ने कही ये बात
इस संबंध में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि हथुआ थाना अंतर्गत बंगरा चंवर से एक युवक का शव बरामद किया गया है. युवक रविवार शाम घर से निकला था और सोमवार को उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है और कई अहम साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा.
विकाश कुमार दुबे