बिहार के दरभंगा में दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन और प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में लोगों ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया. इस दौरान कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी भी हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया. घटना के बाद पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. उपद्रव के बाद लहेरियासराय का मुख्य बाजार पूरी तरह बंद हो गया, जबकि पुलिस लगातार फ्लैग मार्च और गश्त कर हालात पर नजर बनाए हुए है.
घटना के बाद दरभंगा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को मौके से खदेड़ दिया. प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और लोगों में भरोसा बहाल करने के प्रयास जारी हैं. पुलिस का कहना है कि कई पत्थरबाजों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'बिहार में पाकिस्तान मॉडल नहीं चलेगा...', दरभंगा में BJP का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है. प्रशासन का दावा है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
मुख्य बाजार बंद, दवा दुकानों पर भी दिखा असर
पत्थरबाजी की घटना के बाद लहेरियासराय का मुख्य बाजार पूरी तरह बंद हो गया. अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए. हालांकि कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहे, लेकिन उन्होंने भी सुरक्षा के लिहाज से अपनी दुकानों के शटर या ग्रिल बंद रखे.
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और असमंजस का माहौल बना हुआ है. बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया.
प्रशासन लगातार व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश कर रहा है.
DM-SSP खुद सड़क पर, शहर में लगातार फ्लैग मार्च
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए दरभंगा के जिलाधिकारी और एसएसपी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. दोनों अधिकारी दर्जनों पुलिस वाहनों के काफिले के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च कर रहे हैं.
जिन इलाकों में पत्थरबाजी हुई, वहां भारी संख्या में पुलिस बल पैदल फ्लैग मार्च कर रहा है. पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया जा रहा है.
इसी बीच दरभंगा नगर निगम की टीम भी सड़कों पर उतर गई है. नगर निगम के कर्मचारी सड़कों पर बिखरे ईंट-पत्थरों को हटाने और रास्तों को सामान्य बनाने में जुटे हैं.
'हालात पूरी तरह नियंत्रण में', CCTV से हो रही पहचान
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि फिलहाल स्थिति शांत और पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस लगातार पूरे इलाके में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर रही है. साथ ही वरिष्ठ अधिकारी भी पुलिस वाहनों के काफिले के साथ शहर का दौरा कर रहे हैं.
एसएसपी ने बताया कि पत्थरबाजी की घटना में कुछ पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं. कई उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
उन्होंने कहा कि पुलिस अब CCTV फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान कर रही है. जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
प्रह्लाद कुमार