दरभंगा शोरूम मर्डर केस: नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस में शोरूम मैनेजर की कर दी थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दरभंगा के चर्चित यामाहा शोरूम हत्याकांड में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी सोनू पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक शोरूम मैनेजर फैज अहमद की शिकायत पर नौकरी जाने से आरोपी नाराज था. इसी रंजिश में उसने बाइक के शॉकर से हमला कर हत्या कर दी थी. CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर गिरफ्तारी हुई.

Advertisement
CCTV बना सबूत.(Photo:  Prahalad Kumar/ITG) CCTV बना सबूत.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)

प्रह्लाद कुमार

  • दरभंगा,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:12 PM IST

बिहार के दरभंगा जिले में दिनदहाड़े हुए चर्चित यामाहा शोरूम हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. शोरूम मैनेजर फैज अहमद की हत्या के आरोपी सोनू पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन और स्कूटी भी बरामद कर ली है.

दरभंगा सदर के SDPO राजीव कुमार ने खुलासा करते बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस मुख्य वजह बनकर सामने आई है. आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: दरभंगा में पुलिस का बड़ा एक्शन, अपराध की साजिश रच रहे 2 आरोपी लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, सोनू पासवान पहले उसी यामाहा शोरूम में काम करता था, जहां फैज अहमद मैनेजर थे. कुछ महीने पहले फैज अहमद की शिकायत के बाद शोरूम मालिक ने सोनू पासवान को नौकरी से हटा दिया था. इसके बाद से आरोपी मन ही मन बदला लेने की योजना बना रहा था.

नौकरी छूटने की खुन्नस में रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद भी सोनू पासवान का शोरूम में आना-जाना बना हुआ था. वह कर्मचारियों और वहां के माहौल से पूरी तरह परिचित था. इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया.

SDPO राजीव कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन भी सोनू पासवान शोरूम पहुंचा था. कुछ देर तक वह सामान्य तरीके से वहां बैठा रहा. इसके बाद उसने अचानक एक बाइक का शॉकर उठाया और फैज अहमद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

Advertisement

हमला इतना अचानक था कि फैज अहमद को संभलने का मौका तक नहीं मिला. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन लेकर बाहर निकला और फैज की स्कूटी से फरार हो गया.

CCTV फुटेज ने खोला राज

पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी. घटना के बाद पुलिस ने सबसे पहले CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू की. फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही थीं.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या करने वाला व्यक्ति कोई बाहरी नहीं बल्कि शोरूम का पूर्व कर्मचारी है. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

दरभंगा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया. टीम ने लगातार छापेमारी की और आखिरकार घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी सोनू पासवान को गिरफ्तार कर लिया.

हत्या के बाद सड़कों पर उतरे थे लोग

दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. घटना की खबर मिलते ही सैकड़ों लोग शोरूम और मृतक के घर पहुंच गए थे. परिवार में मातम का माहौल था.

Advertisement

स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक प्रदर्शन किया. दरभंगा शहर की मुख्य सड़कों पर लोगों ने आगजनी कर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाया.

लोगों के बढ़ते आक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. लगातार छापेमारी और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

SDPO ने बताया कैसे पहुंची पुलिस आरोपी तक

SDPO राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और FSL टीम की मदद से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए.

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी के मन में मैनेजर के प्रति गहरा आक्रोश था.

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर मृतक की स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं. आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »