बिहार के दरभंगा जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही नाकाम कर दिया. केवटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इलाके में सक्रिय होकर साजिश रच रहे थे.
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और केवटी थाना क्षेत्र के कदमटोली गांव के पास छापेमारी की. इस दौरान दोनों संदिग्धों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया.
यह भी पढ़ें: आधे घंटे की बारिश में ही पानी-पानी हुआ दरभंगा, DMCH से सड़क तक मचा हाहाकार, नगर निगम की खुली पोल
गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों की तलाशी ली गई तो उनके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई. इसके अलावा एक बाइक भी जब्त की गई है. पुलिस को आशंका है कि बाइक चोरी की हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार यादव और सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है. दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी बताए जा रहे हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास कुमार यादव के खिलाफ आसपास के थानों में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें कई मामलों में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. वहीं सुनील कुमार यादव के खिलाफ भी दो मामले दर्ज पाए गए हैं.
पुलिस अब दोनों आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है. इसके लिए आसपास के थानों और दूसरे जिलों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से अपराधियों के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.
SDPO ने कहा- बड़ी घटना की तैयारी में थे आरोपी
SDPO-2 एस के सुमन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद पिस्टल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे किस वारदात को अंजाम देने वाले थे, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
अधिकारी ने कहा कि विकास कुमार यादव एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वहीं उसके सहयोगी सुनील कुमार यादव पर भी धमकी देने और हथियार लहराने जैसे आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस दोनों के आपराधिक नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
प्रह्लाद कुमार