बिहार: दरभंगा में 'चोटी कटवा' का खौफ! 8 दिन में दो महिलाओं के काटे बाल, दहशत में डरहार गांव

दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में आठ दिन के अंदर महिलाओं के बाल काटने की दो रहस्यमयी घटनाओं से दहशत फैल गई है. बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पुलिस को जल्द आरोपी गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. सीसीटीवी नहीं होने से जांच में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

Advertisement
बाल काटने की घटना से सहमे ग्रामीण. (Photo: ITG) बाल काटने की घटना से सहमे ग्रामीण. (Photo: ITG)

प्रह्लाद कुमार

  • दरभंगा ,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:40 AM IST

बिहार के दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में महिलाओं के बाल काटने की रहस्यमयी घटनाओं ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. महज आठ दिनों के भीतर एक जैसी दो घटनाएं सामने आने के बाद गांव के लोग अंजान डर के साये में जीने को मजबूर हैं.

यह मामला अब सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी खुद डरहार गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली.

Advertisement

मंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए. लोगों ने उन्हें पूरी घटना विस्तार से बताई और कहा कि गांव में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द इस रहस्यमयी वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाए ताकि लोगों में फैला डर खत्म हो सके.

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद मंत्री मदन सहनी ने दरभंगा पुलिस के अधिकारियों से भी बातचीत की. उन्होंने पूरे मामले में तेजी से कार्रवाई करने और घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस प्रशासन पर लगातार कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है.

आठ दिन में दो वारदात के बाद गांव में खौफ

Advertisement

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि यह घटना सभी लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है. लोग हैरान हैं कि इतनी आबादी वाले इलाके में कोई शख्स इस तरह की वारदात को कैसे अंजाम दे सकता है. उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं का तरीका लगभग एक जैसा है. इससे साफ है कि दोनों मामलों के पीछे एक ही व्यक्ति या एक जैसा तरीका अपनाया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार काम कर रही है और वरिष्ठ अधिकारी खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं.

मंत्री ने यह भी कहा कि जांच में सबसे बड़ी परेशानी गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की वजह से आ रही है. घटना को अंजाम देने वाले शख्स की पहचान नहीं हो पा रही है. इतना ही नहीं, आरोपी घटनास्थल पर ऐसा कोई सबूत भी नहीं छोड़ रहा है जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सके. उन्होंने माना कि इन परिस्थितियों में पुलिस के लिए जांच आसान नहीं है, लेकिन उन्हें दरभंगा पुलिस पर पूरा भरोसा है कि जल्द ही इस मामले में सफलता मिलेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि वह खुद भी अपने स्तर से पुलिस प्रशासन पर लगातार दबाव बनाए हुए हैं.

दरअसल, बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में पिछले आठ दिनों के भीतर एक ही तरह की दो आपराधिक घटनाएं हुई हैं. दोनों ही मामलों में रात के अंधेरे में एक अंजान युवक किसी तरह घर के अंदर पहुंच जाता है. वह कमरे में मौजूद महिला के बाल काट देता है. इसके बाद घर में रखे सामान को इस तरह बिखेर देता है जैसे चोरी या लूट की वारदात हुई हो. हालांकि वह कोई कीमती सामान अपने साथ नहीं ले जाता और कुछ ही देर में मौके से फरार हो जाता है.

Advertisement

लगातार दो घटनाओं के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर वह कौन है जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम देकर पूरे गांव में दहशत फैला रहा है. सबसे ज्यादा हैरानी इस बात को लेकर है कि दोनों घटनाओं में कई समानताएं सामने आई हैं. जानकारी के अनुसार, दोनों मामलों में घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति काले रंग के कपड़ों में था.

दोनों घटनाओं में महिलाओं के बाल काटे गए और कटे हुए बाल वहीं छोड़ दिए गए. घर में रखा सामान भी दोनों बार बिखरा मिला, लेकिन कोई कीमती सामान चोरी नहीं हुआ. दोनों घटनाओं में महिलाओं को कोई गंभीर चोट नहीं पहुंचाई गई और न ही उन्हें किसी तरह का जख्म दिया गया.

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों मामलों में ऐसा भी प्रतीत होता है कि किसी नशीले या बेहोश करने वाले पदार्थ का इस्तेमाल किया गया. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है. दोनों घटनाएं गुरुवार की रात को हुईं. पहली घटना 9 जुलाई की देर शाम हुई थी, जबकि दूसरी घटना 16 जुलाई की मध्य रात्रि में हुई. एक ही गांव में, एक ही दिन और लगभग एक जैसे तरीके से हुई इन घटनाओं ने पुलिस की चिंता भी बढ़ा दी है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

Advertisement

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. दोनों घटनाओं के बीच मौजूद समानताओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. हालांकि अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है. सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति और घटनास्थल से कोई ठोस सबूत नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने जांच की बड़ी चुनौती है. इसके बावजूद पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमयी वारदात का पर्दाफाश होगा तथा गांव में फैली दहशत खत्म होगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »