बिहार में विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों राजद, कांग्रेस और लेफ्ट में सीट बंटवारे का विवाद गहरा गया है. गठबंधन के प्रमुख दल कुल 8 सीटों में से 6 सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर आमने-सामने आ गए हैं.
दरभंगा शिक्षक सीट पर महागठबंधन में टकराव
चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हो रही है. इस सीट पर कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी मदन मोहन झा चुनावी मैदान में हैं. उनके खिलाफ सहयोगी पार्टी राजद ने कुंवर राय को अपना उम्मीदवार बना दिया है. इतना ही नहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने भी अपने प्रत्याशी रामदेव राय को यहां से मैदान में उतार दिया है. इस तरह दरभंगा शिक्षक सीट पर एक ही गठबंधन के तीन दल आपस में टकरा रहे हैं.
स्नातक की 3 सीटों पर राजद और कांग्रेस में सीधी टक्कर
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी RJD और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है. पटना स्नातक सीट पर राजद के दिलीप कुमार का सामना कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान से होगा. दरभंगा स्नातक सीट पर राजद के अनिल कुमार झा और कांग्रेस के रजनीकांत पाठक आमने-सामने खड़े हैं.
इसी तरह कोसी स्नातक सीट पर राजद उम्मीदवार नितेश कुमार और कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार जायसवाल के बीच सीधा टकराव तय हो चुका है.
शिक्षक सीटों पर भी सहयोगियों की जंग जारी है. पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह और कांग्रेस के संजय यादव एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं.
वहीं, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के प्रो. जयराम यादव का सीधा मुकाबला सीपीआई के उम्मीदवार विद्यासागर विद्यार्थी से हो रहा है. इन सभी सीटों पर सहयोगी दलों के आमने-सामने आने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है.
23 अक्टूबर को वोटिंग, 27 को आएंगे नतीजे
बिहार विधान परिषद की इन 8 सीटों में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. सीट बंटवारे को लेकर दलों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण अब सहयोगी दल ही एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. आरजेडी ने 7, कांग्रेस ने 5, सीपीआई ने 2 और सीपीएम ने 1 सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं.
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार,नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है. 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न होगा. इसके बाद 27 अक्टूबर को मतों की गिनती कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
रोहित कुमार सिंह