बेतिया में खेलते-खेलते गायब हुई 2 साल की बच्ची, CCTV में महिला के साथ जाती दिखी... 3 लोग हिरासत में

बिहार के बेतिया में घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची अचानक गायब हो गई. परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस से शिकायत की गई. जांच में सामने आए CCTV फुटेज में बच्ची एक महिला के साथ जाती दिखाई दी. परिजनों ने महिला की पहचान गांव की ही सबिना उर्फ सुमी खातून के रूप में की है.

Advertisement
सीसीटीवी में कैद हुई घटना. (Photo: Screengrab) सीसीटीवी में कैद हुई घटना. (Photo: Screengrab)

अभिषेक पाण्डेय

  • बेतिया,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:45 AM IST

बच्ची घर के बाहर खेल रही थी. उम्र महज दो साल. कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी. आसपास देखा गया. घर के पास तलाश हुई. रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछा गया. लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला. इसके बाद मामला मझौलिया थाने तक पहुंचा. घटना पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 की है. बच्ची की तलाश के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज मिला. फुटेज में एक महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी.

Advertisement

परिजनों ने फुटेज देखकर महिला की पहचान गांव निवासी अमरूल खान की बेटी सबिना उर्फ सुमी खातून के तौर पर की. इसके बाद पुलिस ने सबिना के साथ उसकी मां और भाई को भी हिरासत में ले लिया. तीनों से पूछताछ की जा रही है.

बच्ची की दादी के मुताबिक, वह बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर घर पहुंची थीं. इसी दौरान सबिना उर्फ सुमी वहां आई. दादी का कहना है कि सबिना ने बताया कि बच्ची की मां उसे बुला रही हैं और उसे घास लाने जाना है. इसके बाद दादी कुछ देर के लिए बाथरूम चली गईं. आरोप है कि इसी दौरान सबिना बच्ची को अपने साथ लेकर चली गई. 

यह भी पढ़ें: हैदराबाद में रोड किनारे मिली 9 दिन से लापता महिला की लाश, शरीर से हाथ-पैर कटे

कुछ देर बाद सबिना अकेली वापस लौटी. दादी ने बच्ची के बारे में पूछा तो उसके मुताबिक, उसने बच्ची को दुकान से कुरकुरे दिलाए और फिर अपने दरवाजे पर छोड़ दिया था. जब वहां बच्ची नहीं मिली तो परिवार की चिंता और बढ़ गई. परिजनों ने बच्ची को गांव के अलग-अलग हिस्सों में तलाशना शुरू किया.

Advertisement

पूछताछ के दौरान सबिना ने बच्ची के अलग-अलग जगहों पर होने की जानकारी दी. पुलिस उन जगहों पर भी पहुंची, लेकिन बच्ची नहीं मिली. इसके बाद बसवारी में भी तलाश की गई. वहां भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला. बच्ची के अचानक गायब होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मझौलिया थाने पहुंच गए. लोगों ने पुलिस से बच्ची को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की.

मझौलिया थाना प्रभारी अमर कुमार के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है और बच्ची की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही CCTV फुटेज और पूछताछ में बताए गए संभावित स्थानों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल बच्ची कहां है, वह महिला के साथ कहां तक गई और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही साफ होंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »