बेगूसराय पुलिस ने ज्वेलर्स दुकान में लूट कांड का खुलासा करते हुए घटना में शामिल 8 बदमाशों को बिहार , बंगाल और झारखंड से गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटे गए जेवरात में से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात, दो हथियार, कारतूस और बाइक भी बरामद किया है.
दरअसल 16 अक्टूबर को दिनदहाड़े फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाजार में दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने फायरिंग कर बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया था. बदमाशों ने इस दौरान 170 ग्राम सोने की जेवरात , 2 किलो चांदी के जेवरात और एक लाख रुपया नगद लूट लिया था. घटना के बाद बदमाशों का जाते समय सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, इसके बाद पुलिस टेक्निकल और मैनुअल अनुसंधान शुरू की.
पुलिस ने आरोपियों को ऐसे किया गिरफ्तार
इस मामले में एसटीएफ बेगूसराय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे लूट कांड के मास्टरमाइंड फुलवरिया के रहने वाले मोहम्मद राजा को बंगाल से गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने लूट में शामिल अंशुमन कुमार, मोहम्मद अब्दुल रहमान, माधव कुमार, राज्यवर्धन, कन्हैया कुमार और राम उपकार सिंह को गिरफ्तार किया है. जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है.
पुलिस ने लूटे गए जेवरात में से करीब डेढ़ किलो चांदी के पायल, 443 पीस मोती का माला, एक पिस्तौल, एक पिस्टल, 13 कारतूस और घटना के समय पहना हुआ चप्पल और कपड़े बरामद किया है. एसपी मनीष ने प्रेस वार्ता कर बताया कि दिनदहाड़े मां पार्वती ज्वेलर्स दुकान में लूटपाट हुई थी. मामले में टीम बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही थी और अलग-अलग इलाकों से 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है.
अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है छापेमारी
लखीसराय के रामचंद्रपुर गाछी में छिपाकर रखें गए करीब डेढ़ किलो चांदी के पायल और हथियार बरामद किया गया है. बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट के बाद बेगूसराय के खम्हार गांव में बाइक और कुछ सोने के जेवरात के डब्बे छुपाए थे. फिर गंगा के रास्ते लखीसराय चले गए. जहां लखीसराय के रामचंद्रपुर में हथियार और चांदी के जेबराज छुपाए गए थे. यहां से सोने के जेवरात और अन्य जेवरात कुछ बदमाश लेकर अलग चले गए. जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इस घटना में कुछ लोगों का नाम और शामिल है. जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. यह गिरफ्तारी बंगाल, झारखंड और बिहार से की गई है. गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. राजा कुमार पर जहां 11 मामले, माधव कुमार पर 15 मामले , राजवर्धन पर चार मामले दर्ज हैं.
सौरभ कुमार