भारतीय बाजार में 7-सीटर गाड़ियों की मांग अच्छी-खासी है. सितंबर महीने में इस सेगमेंट ने बेहतरीन ग्रोथ हासिल की है. थ्री-रो पैसेंजर व्हीकल मार्केट में ईयर-ऑन-ईयर ग्रोथ 26.7 परसेंट की है. इस सेगमेंट में महिंद्रा स्कॉर्पियो और मारुति सुजीक अर्टिगा का दबदबा है. दोनों ही सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप-2 कारें है.
ऑटो पंडित्ज की रिपोर्ट के मुताबिक महिंद्रा स्कॉर्पियो की 17,313 यूनिट्स बिकी हैं. जबकि मारुति सुजुकी अर्टिगा की 16,911 यूनिट्स बिकी हैं. पिछले साल के मुकाबले इस साल मारुति सुजुकी अर्टिगा की सेल्स में 39.6 परसेंट का इजाफा हुआ है. हालांकि, इस कार का एक और वर्जन है, जिसकी सेल्स में गजब का उछाल आया है.
हम बात कर रहे टोयोटा की सबसे सस्ती 7-सीटर कार यानी टोयोटा रुमियन (Toyota Rumion) की. सितंबर महीने में कंपनी ने 2,481 यूनिट्स बेची हैं. वहीं पिछले साल सितंबर में इस कार की 829 यूनिट्स बिकी थीं. यानी ईयर-ऑन-ईयर इस कार की सेल्स में 199.3 परसेंट का इजाफा हुआ है.
यह भी पढ़ें: 27KM का माइलेज, खुद होती है चार्ज, Toyota SUV का खास एडिशन लॉन्च
ये टोयोटा की सबसे सस्ती 7-सीटर का है. इसकी शुरुआती कीमत 9.79 लाख रुपये एक्स शोरूम नई दिल्ली है. वैसे तो ये कार मारुति सुजुकी अर्टिगा ही है, लेकिन टोयोटा ने इसे अपना टच दिया है. इसके लिए कार के डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं.
इसमें 1.5 लीटर का के-सीरीज का इंजन मिलता है. ये इंजन 101.64 बीएचपी की पावर और 136.8 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. पेट्रोल में इस कार का क्लेम्ड माइलेज 20.51 किलोमीटर प्रति लीटर का है. वहीं सीएनजी अवतार में ये कार 26.11 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का क्लेम्ड माइलेज ऑफर करती है.
यह भी पढ़ें: लॉन्च हुई नई Toyota Fortuner Leader... इतने रुपये है कीमत
पेट्रोल वर्जन के साथ मैन्युअल और ऑटोमेटिक दोनों ही तरह के गियरबॉक्स मिलते हैं. इसमें 6 स्पीड ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन आता है. बेहतर परफॉर्मेंस के लिए कंपनी ने इसमें पैडल शिफ्ट भी दिए हैं. सेफ्टी की बात करें, तो इस कार में 6 एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, ईएसपी और हिल होल्ड असिस्ट मिलता है.
वैसे 7-सीटर अवतार में टोयोटा की इस कार के मुकाबले इनोवा की मांग ज्यादा है. टोयोटा इनोवा और हायक्रॉस की कंबाइन्ड सेल्स 8,008 यूनिट्स पर पहुंच गई है. ये सेगमेंट की 5वीं सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इसकी सेल्स में 18.1 परसेंट की गिरावट है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क