Simple Ultra Electric Scooter: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और अब टू-व्हीलर सेगमेंट में भी बड़े दावे सामने आ रहे हैं. इसी बीच बेंगलुरु बेस्ड स्टार्टअप Simple Energy ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है. कंपनी का दावा है कि, ये इलेक्ट्रिक स्कूटर सिंगल चार्ज में 400 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देगा. यह दावा इतना बड़ा है कि इसकी तुलना अब इलेक्ट्रिक कारों से होने लगी है.
कंपनी ने अपने नए स्कूटर ‘अल्ट्रा’ को 2.35 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) कीमत पर बाजार में उतारा है. इस स्कूटर को इस साल की शुरुआत में नई सीरीज के साथ दिखाया गया था और अब इसकी बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. स्कूटर को बाजार में उतारने के साथ ही कंपनी देश भर में लगातार अपने नए स्टोर भी शुरू कर रही है.
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसकी 400 किलोमीटर की बताई गई रेंज है. इसमें 6.5 किलोवाट (kWh) की बैटरी दी गई है, जो स्कूटर की बॉडी के निचले हिस्से में लगाई गई है. दरअसल इसमें 5 kWh + 1.5 kWh का ड्यूल बैटरी सिस्टम मिलता है, जो लंबी और स्टेबल राइड के लिए डिजाइन किया गया है. वहीं, इसका मोटर 8.8 kW की पीक पावर और 72 Nm टॉर्क जनरेट करता है, जिससे स्कूटर को तेज और स्मूद एक्सीलरेशन मिलता है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह स्कूटर 115 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड तक जा सकता है. वहीं 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में इसे सिर्फ 2.77 सेकंड लगते हैं. कंपनी के मुताबिक यह उनके लाइनअप का दूसरा सबसे फास्ट इलेक्ट्रिक स्कूटर है.
स्कूटर में स्टील ट्यूबुलर चेसिस दिया गया है, जो बेहतर बैलेंस और कंट्रोल देता है. इसका कॉपर-ऑरेंज फिनिश इसे प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक लुक देता है. साथ ही 26 लीटर का बूट स्पेस भी दिया गया है. कंपनी का कहना है ये स्कूटर उनके लिए बेहतर है, जो लंबी रेंज, हाई परफॉर्मेंस और स्मार्ट फीचर्स वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर चाहते हैं.
यह स्कूटर मोबाइल ऐप से भी पूरी तरह कनेक्ट रहता है, जिससे राइडर को रियल टाइम अपडेट मिलते हैं. राइड को ईजी और सेफ बनाने के लिए इसमें फोर लेवल का ट्रैक्शन कंट्रोल दिया गया है. साथ ही Simple Ultra में 7 इंच का TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जो एंड्रॉयड बेस्ड SimpleOS पर चलता है. इसमें कई स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं जैसे.
Simple Ultra को फास्ट चार्जिंग से 0-80% तक सिर्फ 2 घंटे 15 मिनट में चार्ज किया जा सकता है. कंपनी का दावा है कि भारत में 250+ फास्ट चार्जर नेटवर्क उपलब्ध है. वहीं, होम चार्जिंग में इसे करीब 8.5 घंटे लगते हैं. कंपनी इस स्कूटर के साथ 3 साल या 30,000 किमी (जो भी पहले आए) व्हीकल वारंटी दे रही है. इसके अलावा बैटरी और मोटर पर 5 से 8 साल तक की एक्सटेंडेड वारंटी दी जा रही है.
इस स्कूटर में कंपनी ने सेफ्टी का भी बखूबी ख्याल रखा है. इसमें 4 ट्रैक्शन मोड्स मिलते हैं, जिसमें रेन, रोड, रैली और ट्रैक मोड शामिल हैं. इसके अलावा ड्रॉफ सेफ सिस्टम स्कूटर के गिरने पर मोटर को तत्काल बंद कर देता है. इसमें एंट्री थेफ्ट और टो अलर्ट सिस्टम भी दिया गया है. अलग-अलग रोड कंडिशन के अनुसार क्रूज कंट्रोल और हिल होल्ड असिस्ट फीचर भी दिया गया है.
कुल मिलाकर, यह नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लंबी रेंज और तेज परफॉर्मेंस के साथ बाजार में नई बहस छेड़ रहा है. लोग रेंज के मामले में इसकी तुलना टाटा टिएगो ईवी जैसी कारों से करने लगे हैं. जो सिंगल चार्ज में तकरीबन 250 किमी की रेंज देती है. अगर कंपनी के दावे सही साबित होते हैं, तो यह टू-व्हीलर सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकता है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क