होंडा (Honda) भारतीय बाजार में अपनी दो नई कारों को लॉन्च करने वाली है. वैसे कंपनी ने आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी नहीं दी है, लेकिन रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी 22 मई को इन गाड़ियों को लॉन्च कर सकती है. कंपनी अपने पोर्टफोलियो में नई फ्लैगशिप एसयूवी जेआर-वी हाइब्रिड (ZR-V Hybrid) और सिटी फेसलिफ्ट (Honda City Facelift) को लॉन्च करेगी.
सिटी होंडा की सबसे पॉपुलर कारों में से एक है. एक वक्त था जब इस कार को प्राइवेट सेक्टर के बड़े अधिकारियों की गाड़ी माना जाता था. लोगों की विश लिस्ट में होंडा सिटी हुआ करती थी. अब कंपनी बढ़ते कंपटीशन को देखते हुए इसका फेसलिफ्ट लेकर आ रही है. ब्रांड दो कारें लॉन्च करने वाली है.
ये दोनों ही कारें कंपनी के उस प्लान का हिस्सा हैं, जिसके तहत होंडा 2030 तक 10 नई गाड़ियों को लॉन्च करने वाली है. भारत में अपनी स्थिति को बेहतर करने के लिए कंपनी इन गाड़ियों को ला रही है.
बात करें होंडा सिटी फेसलिफ्ट की, तो ये मौजूदा 5वीं पीढ़ी की सिटी का दूसरा फेसलिफ्ट होगा. कंपनी ने इससे पहले 2023 में इसका फेसलिफ्ट लॉन्च किया था. नई होंडा सिटी का भारत को लेकर कंपनी की स्ट्रैटजी में बड़ा रोल है. कंपनी इसका नेक्स्ट जनरेशन मॉडल 2028 में लॉन्च करने वाली है.
यह भी पढ़ें: भारत में Honda की बड़ी तैयारी, शुरू हुई SUV की टेस्टिंग, Nexon को देगी टक्कर
चूंकि मिड साइज सेडान सेगमेंट में कंपटीशन बढ़ रहा है, तो इस फेसलिफ्ट के जरिए होंडा सिटी टक्कर में बनी रह पाएगी. इस कार का सीधा मुकाबला स्कोडा स्लाविया, फॉक्सवैगन वर्टस और हुंडई वरना से है. हालांकि, होंडा सिटी की सेल्स इस वक्त बहुत अच्छी नहीं हैं. मार्च 2026 में कंपनी ने इस कार की सिर्फ 805 यूनिट्स को बेचा है.
अगर आप होंडा सिटी फेसलिफ्ट से बहुत ज्यादा उम्मीद कर रहे हैं, तो शायद आपको निराश होना पड़ेगा. कंपनी इसमें बहुत ज्यादा बदलाव नहीं करेगी. 2026 होंडा सिटी फेसलिफ्ट के डिजाइन में कंपनी छोटे-मोटे बदलाव करेगी. इसमें रिफ्रेश्ड फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड एलईडी लाइटिंग और फ्रंट व रियर बंपर्स में कुछ बदलाव होंगे. साइड प्रोफाइल में कोई बदलाव नहीं होगा.
यह भी पढ़ें: 3,500 रुपये EMI, स्पोर्टी डिज़ाइन! Honda का नया स्कूटर लॉन्च
होंडा सिटी फेसलिफ्ट में 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 121 पीएस की पावर और 145 एनएम का टॉर्क ऑफर करेगा. इसमें 6 स्पीड मैन्युअल और सीवीटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. साथ ही होंडा की ये कार स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड में भी आएगी. ये वेरिएंट सेगमेंट का सबसे फ्यूल एफिशिएंट ऑप्शन है.
कार के इंटीरियर में भी ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा. इसमें 360 डिग्री कैमरा, 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कार प्ले, डिजिटल इंस्ट्रूमेंटल क्ल्स्टर और कई दूसरे कनेक्टेड कार फीचर्स मिलेंगे.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क