Honda से अलगाव के बाद लॉन्च हुई थी HERO की ये बाइक, 9 साल बाद फिर कर रही है वापसी!

Hero Impulse को पहली बार साल 2011 में लॉन्च किया गया था, तकरीबन 6 साल बाद 2017 में कंपनी ने इसे डिस्कंटीन्यू कर दिया था. अब एक बार फिर से नए डिजाइन पेटेंट के चलते इस बाइक की वापसी की चर्चा हो रही है.

Advertisement
Hero MotoCorp के नए डिजाइन पेटेंट से Impulse की चर्चा बढ़ा गई है. Photo: ITG Hero MotoCorp के नए डिजाइन पेटेंट से Impulse की चर्चा बढ़ा गई है. Photo: ITG

आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:22 AM IST

Hero Impulse New Model: भारतीय बाजार में ऑफ-रोड और एडवेंचर बाइक का चलन तेजी से बढ़ रहा है. इसी बीच हीरो मोटोकॉर्प की एक नई बाइक ने हलचल बढ़ा दी है. जी हां, हाल ही में हीरो मोटोकॉर्प ने नए डुअल-स्पोर्ट मोटरसाइकिल का डिज़ाइन पेटेंट करवाया है. जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं. इस डिजाइन पेटेंट को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि, संभवत: हीरो मोटोकॉर्प एक बार फिर अपनी पुरानी Impulse बाइक की वापसी के रास्ते खोल रहा है.

Advertisement

पेटेंट तस्वीरों में दिखी इस बाइक का डिजाइन मौजूदा Xpulse से काफी अलग नजर आ रहा है. खास बात यह है कि इसमें छोटा एयर-कूल्ड इंजन, किक स्टार्टर और पुराने Impulse की झलक दिखाई दे रही है. ऐसे में माना जा रहा है कि कंपनी 150 से 200 सीसी के आसपास की एक हल्की और सस्ती ऑफ-रोड बाइक पर काम कर सकती है.

कम से कम डिजाइन पेटेंट में सामने आई जानकारियां तो इसी तरफ इशारा कर रही हैं. पेटेंट तस्वीरों के मुताबिक नई बाइक में एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है और इसमें ऑयल कूलर नजर नहीं आता है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसका इंजन 150 से 200 सीसी के बीच हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो तकनीकी तौर पर यह बाइक मौजूदा Xpulse 200 4V और Xpulse 210 से नीचे पोजिशन करेगी. इससे ग्राहकों को आने वाले समय में एक किफायती एडेवेंचर टुअरर का ऑप्शन मिल सकता है.

Advertisement
नए पेटेंट का डिजाइन Impulse से सबसे ज्यादा मेल खाता है. Photo: ITG

Impulse की वापसी?

पेटेंट तस्वीरों में बाइक के इंजन के साथ किक स्टार्टर लीवर भी दिखाई देता है. किक स्टार्टर का होना भी इस बात की ओर इशारा करता है कि बाइक में छोटा इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि प्रोडक्शन मॉडल में कंपनी इलेक्ट्रिक स्टार्टर भी दे सकती है. अगर हीरो 150 सीसी के आसपास की ऑफ-रोड बाइक तैयार करती है तो कंपनी अपने पुराने Impulse नाम को फिर से इस्तेमाल करने पर विचार कर सकती है. हालांकि अभी इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

इस बाइक की तस्वीरों में इंजन के बाईं तरफ एक फ्यूल टैप भी दिखाई दे रहा है. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें कार्बोरेटर वाला सेटअप हो सकता है. अगर ऐसा है तो यह बाइक भारत के मौजूदा उत्सर्जन नियमों को पूरा नहीं करेगी. यही वजह है कि पेटेंट में दिखाई गई बाइक किसी ऐसे एक्सपोर्ट मार्केट के लिए हो सकती है जहां अभी भी कार्बोरेटर इंजन की परमिशन है. हालांकि तस्वीर में फ्रंट नंबर प्लेट और साड़ी गार्ड जैसे पार्ट्स भी दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि, कंपनी घरेलू बाजार के लिए भी किसी मॉडल पर काम कर रही हो. 

Advertisement

9 साल पहले बंद हुई थी बाइक

हीरो मोटोकॉर्प ने Impulse को भारत में अक्टूबर 2011 में लॉन्च किया था और यह कंपनी के Honda से अलग होने के बाद Hero MotoCorp ब्रांड के तहत लॉन्च होने वाली पहली मोटरसाइकिल थी. उस वक्त इसकी शुरुआती कीमत 66,800 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई थी. इस बाइक को कंपनी ने डुअल-पर्पज ऑन-रोड और ऑफ-रोड बाइक के तौर पर पेश किया गया था. 

Honda से अलग होने के बाद Impulse हीरो की पहली बाइक थी. Photo: ITG

इसमें 149.2 सीसी का, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलता था, जो 13.2 PS की पावर और 13.4 Nm का टॉर्क जेनरेट करता था और इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया था. बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 245 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, लंबा ट्रैवल वाला टेलिस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन, Nitrox गैस-फिल्ड रियर मोनोशॉक, 19-इंच का फ्रंट व्हील, फ्रंट डिस्क ब्रेक, ऊंचा एग्जॉस्ट, उठा हुआ फ्रंट मडगार्ड और मोटोक्रॉस स्टाइल सीट थी, जो इसे खराब सड़कों पर आसानी से दौड़ने और हल्के ऑफ-रोडिंग के लिए भी बेहतर बनाती थी.

लेकिन इस बाइक को उम्मीद के मुताबिक बाजार से रिस्पांस नहीं मिला. लगातार घटती बिक्री के चलते कंपनी ने साल 2017 में आधिकारिक तौर पर इसकी बिक्री को बंद कर दिया था. इसके पीछे एक बड़ा कारण BS-IV एमिशन नॉर्म्स भी थे, क्योंकि हीरो ने Impulse को नए नियमों के हिसाब से अपडेट नहीं किया. लेकिन नए डिजाइन के पेटेंट किए जाने के बाद एक बार फिर इस बाइक की चर्चा जोर पकड़ रही है. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »