फ्रीलैंडर... एक वक्त पर लोगों के दिलों पर इस नाम का राज हुआ करता था. 1997 में शुरू हुई इस कार को लैंड रोवर (Land Rover) ने 2014 में बंद कर दिया और इसकी जगह उस वक्त लैंड रोवर डिस्कवरी स्पोर्ट (Discovery Sport) ने ली. लैंड रोवर इस कार को वापस लेकर आ रहा है. इस बार फ्रीलैंडर की वापस नए अवातर में हो रही है.
जगुअर लैंड रोवर ने चीनी कंपनी चेरी (Cherry) के साथ मिलकर फ्रीलैंडर को एक नए इलेक्ट्रिक व्हीकल ब्रांड के तौर पर पेश किया है. फ्रीलैंडर 8 (Freelander 8) इसका पहला प्रोडक्ट है जिसे कंपनी ने पेश किया है. 14 अगस्त को कंपनी ने इसका प्री-ऑर्डर शुरू कर दिया है.
महज 48 घंटों में यानी दो दिनों में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे प्री-ऑर्डर किया है. चीन में लॉन्च से पहले ही इस SUV ने चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है. वैसे तो फ्रीलैंडर की वापसी की चर्चा भी खूब हुई है. भारत में फ्रीलैंडर तो नहीं आ रही है, लेकिन कुछ आ रहा है, तो इस कार का प्लेटफॉर्म.
दरअसल, फ्रीलैंड को जगुआर लैंड रोवर और चेरी मिलकर बना रहे हैं. इसका प्लेटफॉर्म भारत में टाटा की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक रेंज अविन्या (Tata Avinya) में इस्तेमाल हो सकता है. कंपनी इस साल के अंत तक इससे जुड़ा कोई बड़ा ऐलान कर सकती है.
अब वापस आते हैं फ्रीलैंडर 8 पर, तो पिछले हफ्ते प्री-बुकिंग शुरू होने के सिर्फ 48 घंटों में 10 हजार से ज्यादा ने इसे रिजर्व किया है. इस SUV की शुरुआती कीमत 339,900 युआन (लगभग 48.30 लाख रुपये) है. कंपनी इसे 5-सीटर और 6-सीटर कॉन्फिग्रेशन में उतार सकती है.
यह भी पढ़ें: Freelander 8 से उठा पर्दा, नए अवतार में आ रही है ये कार, मिलेंगे गजब के फीचर्स
कार में 60.3kWh की बैटरी दी गई है. ये एसयूवी रेंज एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक व्हीकल सिस्टम पर काम करती है. यानी इसमें बैटरी के साथ एक इंजन भी मिलेगा. कार में 1.5 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, लेकिन ये पहियों को पावर नहीं देता. इसका काम बैटरी को चार्ज करना है.
इसमें दो मोटर का सेटअप मिलता है, जो 818 एचपी की पावर और 813 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करते हैं. रियर इलेक्ट्रिक मोटर अकेले 335 एचपी तक की पावर देती है. कंपनी की मानें तो फ्रीलैंडर 8 (Freelander 8) इलेक्ट्रिक मोड में 310 किलोमीटर की रेंज दे सकती है. इसमें 800V आर्किटेक्चर दिया गया है और 6C चार्जिंग सपोर्ट मिलता है.
यह भी पढ़ें: 6 एयरबैग, ADAS और बहुत कुछ... 109% बढ़ी इस SUV की सेल
कार को 20 से 80 परसेंट तक 12 मिनट में चार्ज किया जा सकता है. एसयूवी में डुअल चैंबर एयर सस्पेंशन, सीसीडी डैंपिंग और मैकेनिकल फ्रंट डिफरेंशियल लॉक जैसे फीचर्स मिलते हैं. कार में रियर व्हील स्टीयरिंग भी दी गई है. इसकी मदद से पीछे के पहियों को 10 डिग्री तक घुमाया जा सकता है.
SUV की लंबाई 5,118 एमएम, चौड़ाई 2,050 एमएम और ऊंचाई 1,898 एमएम है. इसका व्हीलबेस 3,040 एमएम का है. कैबिन की बात करें, तो इसमें 15.6 इंच का बड़ा हॉरिजॉन्टल एलईडी टचस्क्रीन मिलता है. रियर पैसेंजर्स के लिए अलग से 17.3 इंच का डिस्प्ले दिया गया है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क