17 से लेकर 20 तक... इस दशहरा लांग वीकेंड! छुट्टी पर घर जानें से पहले करा लें गाड़ी के ये काम

Long Weekend Tips: दशहरा 20 अक्टूबर को है और इस बार महानवमी से लेकर दशहरा तक एक लंबा वीकेंड मिल रहा है. इस दौरान ज्यादातर लोग छुट्टियां मनाने अपने गांव, घर या दूसरे शहरों में जाते हैं. लेकिन एक लांग वीकेंड ट्रिप के लिए गाड़ी का बेहतर कंडिशन में होना बेहद जरूरी है.

Advertisement
इस बार महानवमी से लेकर दशहरा तक एक लांग वीकेंड मिलनेगा. Photo: ITG इस बार महानवमी से लेकर दशहरा तक एक लांग वीकेंड मिलनेगा. Photo: ITG

अश्विन सत्यदेव

  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:54 PM IST

Dussehra Long Weekend 2026: त्योहार का मौसम है. कैलेंडर में छुट्टियों की तारीखें दिखते ही किसी को गांव में अपना घर याद आने लगता है, तो किसी को पहाड़ों की सड़कें बुलाने लगती हैं. कहीं बच्चों की छुट्टियां हैं, कहीं परिवार के साथ दशहरा मनाने की तैयारी है. इस बार 17 से 20 अक्टूबर तक मिलने वाला लंबा वीकेंड कई लोगों के लिए सड़क पर निकलने का मौका लेकर आया है. 

Advertisement

लेकिन जरा ठहरिए...! ट्रिप की एक्साइटमेंट अपनी जगह है और सड़क पर गाड़ी की जिम्मेदारी अपनी जगह. क्योंकि हाईवे पर गाड़ी खराब हो जाए, टायर पंचर हो जाए या इंजन गर्म होने लगे, तो छुट्टियों का मजा मिनटों में किरकिरा हो सकता है. इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी कार की सेहत का हाल जान लेना जरूरी है. आखिर सफर लंबा हो या छोटा, मंजिल पर सुरक्षित पहुंचना ही सबसे ज्यादा जरूरी है. ऐसे में सफर पर निकलने से पहले कुछ बातों पर गौर करना काफी अहम है.

क्या कहता है कैलेंडर

नवरात्री की शुरुआत हो चुकी है. इस बार वीकेंड की शुरुआत 17 अक्टूबर (शनीवार) से हो रही है. हालांकि कुछ लोग 16 अक्टूबर की देर शाम यानी शुक्रवार से ही अपना काम निपटा कर ट्रिप पर निकलना शुरू कर देंगे. इसके बाद 18 तारीख को रविवार है और 19 तारीख को सोमवार के दिन रामनवमी है. हालांकि कुछ राज्यों में नवमी के दिन भी राजकीय छुट्टी होती है, लेकिन देश के ज्यादातर हिस्सों में ऐसा नहीं होता है. यदि आपके यहां भी छुट्टी नहीं है तो आप एक दिन अपने काम से छुट्टी लेकर इसे लांग वीकेंड में कन्वर्ट कर सकते हैं. क्योंकि अगले दिन यानी 20 अक्टूबर को दशहरा है. जिस दिन सबकी छुट्टी होती है. 

Advertisement

लॉन्ग वीकेंड ट्रिप पर निकलने से पहले कार की ऐसे करें तैयारी.

1. टायरों की जांच 

लंबे सफर में कार के टायर सबसे अहम भूमिका निभाते हैं. वीकेंड शुरू होने में अभी वक्त है इसलिए ट्रिप शुरू करने से पहले चारों टायरों की हवा जरूर चेक करें. टायर में हवा कितनी होनी चाहिए, इसकी जानकारी कार के ओनर्स मैनुअल से मिल सकती है. टायर में हवा हमेशा कंपनी की बताई गई मात्रा के हिसाब से भरवाएं. यदि जरूरी हो तो नाइट्रोजन का इस्तेमाल करें.

यह भी पढें: ERTIGA छोड़... इस 7-सीटर फैमिली कार पर टूटे लोग, बनी नंबर 1

टायर के किनारों पर कट, दरार या उभार दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज न करें. अगर टायर काफी घिस चुके हैं, तो उन्हें बदलवाएं. इसके अलावा स्पेयर टायर यानी स्टेपनी की हालत और उसमें हवा भी जरूर चेक करें. कई बार लोग इसे नज़रअंदाज कर देते हैं. जो हाईवे पर इमरजेंसी में एक बड़ी मुसीबत बन जाता है. ध्यान रखें पंचर होने की स्थिति में यही टायर आपके सबसे ज्यादा काम आएगा.

2. इंजन ऑयल और दूसरे फ्लूइड्स 

इंजन ऑयल कार के इंजन को ठीक से काम करने में मदद करता है. सफर पर निकलने से पहले कार को समतल जगह पर खड़ा करके, कंपनी के बताए तरीके से इंजन ऑयल का लेवल चेक करें. अगर ऑयल कम है, तो सही ग्रेड का ऑयल ही डलवाएं. इसके साथ कूलेंट, ब्रेक फ्लूइड और विंडशील्ड वॉशर फ्लूइड की भी जांच करें. कूलेंट इंजन का टेंप्रेचर कंट्रोल रखने में मदद करता है, जबकि ब्रेक फ्लूइड ब्रेकिंग सिस्टम के लिए जरूरी है. अगर किसी फ्लूइड का लेवल बार-बार कम हो रहा है, तो सिर्फ उसे भरवाकर आगे न बढ़ें. पहले लीकेज या दूसरी खराबी की जांच कराएं.

Advertisement

3. ब्रेक की हालत कैसी है

परिवार के साथ सफर कर रहे हों, तो कार के ब्रेक से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. अगर ब्रेक लगाने पर आवाज आती है, पैडल सामान्य से ज्यादा नीचे जाता है या कार रोकने में पहले से ज्यादा दूरी लग रही है, तो सर्विस सेंटर पर इसकी जांच कराएं. पहाड़ी रास्तों, एक्सप्रेसवे और भारी ट्रैफिक में ब्रेक का सही काम करना बेहद जरूरी है. सफर से पहले ब्रेक की जांच करा लेने से रास्ते में आने वाली बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है.

4. बैटरी और लाइट्स 

कार की बैटरी कमजोर होने पर गाड़ी स्टार्ट करने में परेशानी आ सकती है. अगर सेल्फ स्टार्ट में दिक्कत हो रही है, हेडलाइट कमजोर लग रही है या बैटरी काफी पुरानी है, तो उस जरूर चेक करा लें. बैटरी के टर्मिनल पर जंग या ढीलापन भी नहीं होना चाहिए. इसके अलावा हेडलाइट, टेललाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, रिवर्स लाइट और पार्किंग लाइट चेक करें. बारिश, कोहरे या रात के सफर में इनका सही काम करना जरूरी है. विंडशील्ड वाइपर भी जांच लें और उनकी रबर घिस गई हो, तो बदलवा दें.

यह भी पढें: Fortuner वाले भी मुड़-मुड़ देखेंगे! इस दिन आ रही भौकाली SUV

5. इंजन गर्म तो नहीं हो रहा

Advertisement

लंबे सफर में कार लगातार कई घंटे चलती है. ऐसे में कूलिंग सिस्टम का सही होना जरूरी है. अगर आपकी कार पहले से गर्म हो रही है, कूलेंट कम हो रहा है या डैशबोर्ड पर इंजन के टेंप्रेचर का साइन दिखाई देता है, तो यात्रा से पहले समस्या ठीक कराएं. अगर रास्ते में इंजन ओवरहीट होने लगे, तो सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोकें और इंजन बंद कर दें. इंजन गर्म होने पर रेडिएटर या कूलेंट टैंक का ढक्कन तुरंत न खोलें, क्योंकि गर्म भाप और लिक्विड से आप जल सकते हैं. इंजन ठंडा होने के बाद ही जांच-पड़ताल करें और जरूरत पड़ने पर रोडसाइड असिस्टेंस की मदद लें.

6. कार सर्विस हुई या नहीं

अगर आपकी कार की सर्विस का समय करीब है या सर्विस पहले से बाकी है, तो ट्रिप से पहले इसे पूरा करा लेना बेहतर होगा. इंजन, सस्पेंशन, बेल्ट, होज और दूसरे जरूरी हिस्सों की जांच मैकेनिक से कराएं. कार से किसी तरह की अजीब आवाज आ रही हो, स्टीयरिंग में वाइब्रेशन महसूस होता हो या गाड़ी एक तरफ खिंचती हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. सफर के दौरान अचानक खराबी आने का इंतजार करने से बेहतर है कि घर से निकलने से पहले ही समस्या दूर कर ली जाए.

Advertisement

7. जरूरी टूल्स और इमरजेंसी किट 

लंबे सफर पर निकलते समय कार में कुछ जरूरी सामान रखना समझदारी है. जैसे स्टेपनी, जैक, व्हील स्पैनर, टायर प्रेशर गेज, टॉर्च, जंप-स्टार्ट केबल और पंचर रिपेयर किट इत्यादि अपने साथ जरूर रखें. इसके अलावा फर्स्ट एड किट, पीने का पानी, मोबाइल चार्जर और पावर बैंक भी साथ रखें. कार में कंपनी की ओर से दी गई रोडसाइड असिस्टेंस की जानकारी और हाईवे हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल में सेव करना न भूलें.  

यह भी पढें: 6.73 लाख कीमत... 30KM माइलेज! आ रही सबसे सस्ती Toyota कार

8. फ्यूल और रूट प्लान 

दशहरा और लंबे वीकेंड के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक बढ़ सकता है. इसलिए निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी ले लें. रास्ते में कहां पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, रेस्ट-रूम, फूड प्लाजा और आराम करने की जगह मिल सकती है, इसका पता पहले लगा लें. कार में पर्याप्त फ्यूल रखें और फ्यूल खत्म होने तक गाड़ी चलाने का जोखिम न लें. ख़ासतौर पर वो लोग जो CNG या EV से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं. अगर आपको एक्सप्रेसवे से होकर जाना है तो टोल-टैक्स, फास्टैग, एक्सप्रेस-वे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट की जानकारी भी देख लें. निकलने से पहले ट्रैफिक और मौसम का हाल चेक करना न भूलें.

Advertisement
घर से निकलने से पहले इन बातों का ख्याल रखें: Photo: ITG

9. जरूरत से ज्यादा सामान न भरें

त्योहार पर घर जाते समय मिठाइयां, कपड़े, गिफ्ट और परिवार का सामान साथ होना आम बात है. लेकिन कार में जरूरत से ज्यादा सामान भरने से बचें. भारी सामान को सही तरीके से रखें और इस बात का ध्यान रखें कि ड्राइवर को पीछे का रास्ता देखने में परेशानी न हो. ओवरलोडेड कार न केवल सफर को मुश्किल भरा बनाता है बल्कि इसका असर कार के माइलेज, टायर और ब्रेकिंग पर भी पड़ता है. सामान को इस तरह रखें कि अचानक ब्रेक लगाने पर वह कार में बैठे लोगों पर न गिरे. बच्चों को उनकी उम्र और वजन के हिसाब से सही चाइल्ड सीट पर बैठाएं और सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने के लिए कहें.

10. स्पीड थ्रील्स बट...

कार की पूरी जांच के बाद भी सुरक्षित सफर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी ड्राइवर की होती है. लंबे वीकेंड पर हाईवे पर ज्यादा गाड़ियां हो सकती हैं, इसलिए तय स्पीड का पालन करें. अगर आपको एक्सप्रेस-वे पर खाली सड़क दिखती है तो ऐसे में बिना वजह स्पीड में गाड़ी न भगाए. इस दौरान पल भर की चूक भी जिंदगी बदल सकती है. इसलिए ज्यादा स्पीड में गाड़ी न चलाएं. ओवरटेक करने से पहले रोड कंडिशन और सामने से आने वाले ट्रैफिक को ध्यान से देखें.

Advertisement

अगर नींद आ रही है या थकान महसूस हो रही है, तो गाड़ी को तत्काल साइड में लगाते हुए रोकें. यदि साथ में चल रहा कोई दूसरा व्यक्ति ड्राइविंग जानता हो तो उसे कार चलाने के लिए कहें. ट्रिप पर निकलने से पहले पर्याप्त नींद पूरी कर लें. थका हुआ शरीर न केवल सफर को बेमजा करता है बल्कि जोखिम भी बढ़ाता है. ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें. बारिश, कोहरे या कम रोशनी में स्पीड कम रखें और सड़क के हालात के हिसाब से गाड़ी चलाएं.
 
त्योहार की खुशी में सेफ्टी न भूलें

दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है. ऐसे में इस लंबे वीकेंड पर घर पहुंचने की जल्दी में सड़क पर जोखिम लेना समझदारी नहीं होगी. गाड़ी के टायर, ब्रेक, इंजन ऑयल, कूलेंट, बैटरी और लाइट्स की जांच में थोड़ा समय जरूर लगेगा, लेकिन यही छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी समस्या से बचा सकती हैं. इसलिए 17 से 20 अक्टूबर के लॉन्ग वीकेंड पर निकलने से पहले अपनी कार को तैयार करें, सफर की प्लानिंग करें और सेफ राइविंग को प्राथमिकता दें. याद रखिए, छुट्टियों का असल मजा घर पहुंचने के बाद ही मिलेगा, इसलिए सफर को आरामदायक और सुकून भरा बनाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »