ब्रिटिश मोटरसाइकिलों के क्लासिक अंदाज को पसंद करने वालों के लिए BSA ने अपनी Gold Star 650 के दो नए स्पेशल एडिशन लॉन्च किए हैं. कंपनी ने इन्हें बर्मिंघम ब्लू और ब्रूकलैंड ब्लैक लीगेसी नाम दिया है. दोनों मोटरसाइकिलों में खास कलर स्कीम और प्रीमियम कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं, जो इन्हें स्टैंडर्ड मॉडल से अलग बनाते हैं.
आकर्षक लुक और दमदार इंजन से लैस इस स्पेशल एडिशन बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.56 लाख रुपये बताई गई है. हालांकि, दोनों वेरिएंट की अलग-अलग कीमतों के मुताबिक बर्मिंघम ब्लू की कीमत 3.55 लाख रुपये और ब्रूकलैंड्स ब्लैक लीगेसी की कीमत 3.64 लाख रुपये है.
कैसी हैं बाइक्स
Birmingham Blue Edition को गहरे नीले रंग में पेश किया गया है. इसके साइड पैनल पर सिल्वर बैज दिया गया है, जबकि इंजन को भी खास फिनिश दी गई है. इसका क्लासिक लुक उन लोगों को पसंद आ सकता है, जो पुराने दौर की ब्रिटिश मोटरसाइकिलों के डिजाइन को पसंद करते हैं.
वहीं, Brooklands Black Legacy का अंदाज ज्यादा प्रीमियम नजर आता है. इसमें गहरे काले रंग के साथ क्रोम फिनिश वाले फेंडर दिए गए हैं, जिन पर गोल्ड पिनस्ट्राइपिंग की गई है. इसके अलावा क्रोम फिनिश वाला फ्यूल टैंक, खास डिजाइन वाली क्विल्टेड सीट और कई अतिरिक्त कॉस्मेटिक डिटेल्स इसे यूनिक डिजाइन देते हैं.
BSA ने इन दोनों स्पेशल एडिशन को अपने इतिहास से जोड़ने की कोशिश की है. बर्मिंघम ब्लू का नाम बर्मिंघम शहर से इंस्पायर्ड है, जहां इस ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड की शुरुआत हुई थी. दूसरी ओर, ब्रूकलैंड्स इंगलैंड के मशहूर ब्रूकलैंड रेसिंग सर्किट से इंस्पायर्ड है. इस तरह कंपनी ने दोनों मोटरसाइकिलों के जरिए अपनी पुरानी विरासत और क्लासिक पहचान को सामने रखा है.
मैकेनिकल तौर पर दोनों स्पेशल एडिशन में कोई भी बदलाव नहीं किया है. इसमें रेगुलर मॉडल जैसा ही 652 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 45bhp की पावर और 55Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. यानी नए एडिशन में सबसे बड़ा बदलाव इसके लुक और डिज़ाइन के ही तौर पर देखने को मिलता है. फीचर्स की बात करें तो दोनों मोटरसाइकिलों में Brembo ब्रेक्स, डुअल-चैनल ABS और वायर-स्पोक व्हील्स दिए गए हैं.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क