सितंबर 2026 के सेल्स के आंकड़े सामने आ गए हैं. इस महीने तमाम कंपनियों ने मिलकर 17,90,188 यूनिट्स को बेचा है. ईयर-ऑन-ईयर सेगमेंट की ग्रोथ 33.08 परसेंट की है. पिछले साल सितंबर में कंपनियों ने 13,45,153 यूनिट्स को बेचा था. मंथ-ऑन-मंथ की बात करें, तो इस सेगमेंट की ग्रोथ 4.41 परसेंट की है.
अगस्त में इन कंपनियों ने 17,14,610 यूनिट्स को बेचा था. सेगमेंट के लिए ये अब तक का सबसे अच्छा सितंबर महीना रहा है. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के टू-व्हीलर सेगमेंट पर नजर डालें, तो यहां पेट्रोल व्हीकल की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है.
कुल सेल में पेट्रोल की हिस्सेदारी 88.35 परसेंट की है. वहीं इलेक्ट्रिक की हिस्सेदारी 11.58 परसेंट की है. मंथ-ऑन-मंथ और ईयर-ऑन-ईयर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की इस सेगमेंट में हिस्सेदारी बढ़ी है. आइए जानते हैं किस कंपनी ने सितंबर में कितनी दोपहिया बेची हैं.
सबसे ज्यादा टू-व्हीलर बेचने का ताज होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के सिर पर सजा है. कंपनी ने इस महीने 4,68,789 टू-व्हीलर बेचे हैं. कंपनी का मार्केट शेयर 26.19 परसेंट है. वहीं हीरो मोटोकॉर्प अब दूसरे स्थान पर है. सितंबर 2026 में हीरो ने 4,34,280 दोपहिया बेची हैं. कंपनी का मार्केट शेयर 24.26 परसेंट हो गया है.
यह भी पढ़ें: टू-व्हीलर मार्केट में होगी एक और देसी ब्रांड की एंट्री, लॉन्च होगा धांसू स्कूटर
वहीं टीवीएस मोटर कंपनी तीसरे नंबर पर है. ब्रांड ने सितंबर 2026 में 3,64,640 गाड़ियां बेची हैं. टू-व्हीलर मार्केट में टीवीएस का मार्केट शेयर 20.37 पहुंच गया है. चौथे नंबर पर बजाज ऑटो है, जिसने 1,66,112 यूनिट्स को बेचा है. कंपनी का मार्केट शेयर 9.28 परसेंट है.
रॉयल एनफील्ड ने सितंबर महीने में 1,02,226 बाइक्स को बेचा है. कंपनी का मार्केट शेयर 5.71 परसेंट है. वहीं सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने 1,01,926 गाड़ियों को बेचा है. यामाहा ने 64,292 गाड़ियां और एथर एनर्जी ने 30,533 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं.
यह भी पढ़ें: 15 लाख ने खरीदा इलेक्ट्रिक स्कूटर, इन 4 कंपनियों की हुई बल्ले-बल्ले
ओला इलेक्ट्रिक ने सितंबर में 13,451 गाड़ियां, ग्रीव्स इलेक्ट्रिक ने 9,316 यूनिट्स, रिवर मोबिलिटी ने 5,556 यूनिट्स, बीगॉस ऑटो ने 5,023 यूनिट्स और क्लासिक लिजेंड ने 4,573 गाड़ियों को सितंबर महीने में बेचा है. इनके अलावा पियाजियो व्हीकल ने 3,778 यूनिट्स और बाउंस इलेक्ट्रिक ने 3,069 यूनिट्स बेची हैं.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क