एक लाइटर, कुछ सूखी उड़ती रूई जैसी पॉपलर फ्लफ और तेज हवा. बस इतना काफी था करोड़ों रुपये की गाड़ियों को खाक करने के लिए. चीन के डालियान शहर में हुई इस घटना ने दिखा दिया कि कभी-कभी बड़ी तबाही की शुरुआत बहुत छोटी सी गलती से होती है. जहां एक 74 वर्षीय बुजुर्ग की छोटी सी लापरवाही के कारण 20 नई इलेक्ट्रिक कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं. बताया जा रहा है कि इन कारों को जल्द ही ग्राहकों को डिलीवर किया जाना था, लेकिन करोंड़ों रुपये की ये कारें पलक झपकते जलकर ख़ाक हो गईं.
बताया जा रहा है कि, यह घटना बीते 30 मई को चीन के डालियान शहर के गंजिंगजी जिले में हुई. लोकल मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पार्किंग एरिया में खड़ी कई नई इलेक्ट्रिक कारों में अचानक आग लग गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिनमें कई वाहन आग की लपटों में घिरे दिखाई दिए. आग से उठता काला धुआं दूर तक नजर आ रहा था. सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. सभी कारें धू-धू कर जल रही थी. खैर, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
यह भी पढें: Flex-Fuel से घटेगा माइलेज! जानें क्या बोले टाटा मोटर्स के MD
सड़क किनारे पार्किंग में खड़ी दहकती इन कारों को देखकर हर किसी के जेहन में एक ही सवाल था कि, आखिर ये आग कैसे लगी? CNR की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि, इस आगजनी के पीछे एक 74 वर्षीय बुजुर्ग का हाथ था, जिसका सरनेम वांग (Wang) बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार वांग ने पार्किंग एरिया और आसपास के रास्तों पर जमा हुई पॉपलर पेड़ की रूई जैसी उड़ने वाले फ्लफ को देखा. उसने सोचा कि इसे जलाकर खत्म कर देना चाहिए.
इसी मकसद से उसने लाइटर से उसमें आग लगा दी. लेकिन उस समय तेज हवा चल रही थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी गाड़ियों तक पहुंच गई. देखते ही देखते कई कारें आग की चपेट में आ गईं. इस मामले में पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है. फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
हालांकि अधिकारियों ने आग में खाक हुई कारों और उसके ब्रांड या मॉडल की जानकारी नहीं दी है. केवल इतना बताया गया कि ये सभी 20 गाड़ियां इलेक्ट्रिक व्हीकल्स थे, जो डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे. लेकिन इंटरनेट पर सामने आई तस्वीरों में दिखाई देने वाली कारों का डिजाइन हाल ही में लॉन्च हुई Geely Galaxy A7 से काफी मिलता-जुलता नजर आया. कारों में इस कदर आग लगी थी कि, कुछ गाड़ियों के केवल फ्रेम ही बचे हैं.
उत्तरी चीन में वसंत और गर्मियों की शुरुआत के दौरान पॉपलर और विलो पेड़ों की रूई जैसी हल्की सामग्री बड़ी मात्रा में उड़ती है. यह सड़क किनारों, पार्किंग एरिया और आसपास के इलाकों में फैल जाती है. चूकिं इनमें हल्का नेचुरल प्लांट ऑयल भी होता है, इसलिए ये तेजी से आग पकड़ते हैं. इसके अलावा रूई जैसा फर होने के नाते इनमें आग पकड़ने की संभावना और भी बढ़ जाती है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क