अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग का आज तीसरा दिन है. मिडिल ईस्ट धूं-धूं कर जल रहा है. इस बीच जब एक अमेरिकी पत्रकार ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बारे में पूछा तो ट्रंप ने टका सा जवाब दिया.
ट्रंप ने कहा कि मैंने उसे पहले मार गिराया. इससे पहले कि वह मुझे मारता. ट्रंप का यह बयान अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के उस दावे को लेकर है, जिसे लेकर कहा गया कि ईरान की सरकार ने ट्रंप की हत्या की साजिश रची थी.
ABC News के वॉशिंगटन के चीफ कॉरेस्पोंडेंट जोनाथन कार्ल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया कि मैंने ईरान को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप से कई मिनट तक बात की. मैंने उनसे पूछा कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के जाने के बाद अब कौन सत्ता संभालेगा. इस पर उनका (ट्रंप) जवाब बहुत रोचक था. उन्होंने कहा कि हमला बहुत सटीक और सफल रहा. कई अधिकारी और संभावित उत्तराधिकारी मारे गए. जिनके बारे में हम सोच रहे थे वे सभी मारे जा चुके हैं.

जोनाथन ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि मैंने उनसे पूछा कि ईरानी सरकार ने उन्हें मारने की कोशिश की. 2024 में साजिश रची गई, ट्रंप को मारने की साजिश की गई. इस पर ट्रंप ने कहा कि इससे पहले कि वो मुझे मारता, मैंने उसे मरवा दिया. उन्होंने दो बार कोशिश की. लेकिन मैंने उसे पहले मरवा दिया.
ईरान के साथ यह जंग कितनी लंबी चलेगी? इसके बारे में पूछने पर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शुरू में उम्मीद की थी कि यह चार से पांच हफ्तों में खत्म हो जाएगी, लेकिन अब उन्होंने संकेत दिया है कि जरूरत पड़े तो यह लंबी लड़ाई भी हो सकती है. इसके साथ ही उन्होंने तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत पर कहा कि ये युद्ध है और युद्ध में लोग मरते हैं.
ट्रंप ने कहा कि पिछले कुछ मिलिट्री ऑपरेशन जैसे वेनेजुएला, 2025 में ईरान और मौजूदा सैन्य कार्रवाई में मारे गए अमेरिकियों की संख्या केवल तीन रही है और इसे उन्होंने कमाल बताया.
बता दें कि अमेरिका और इजराइल ने संयुक्त रूप से ईरान पर एयरस्ट्राइक की. इसे अमेरिका ने ऑपरेशन एपिक फ़्यूरी नाम दिया है. इस अभियान में ईरान में कई प्रमुख सरकारी और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया. सुप्रीम लीडर खामेनेई सहित कई शीर्ष राजनीतिक और सैन्य शख्सियतों की मौत हुई. इससे बौखलाए ईरान ने जवाबी कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है. ईरान मिसाइलों से इजराइल पर हमला कर रहा है और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बना रहा है.