scorecardresearch
 

तुर्की में भूकंप के जोरदार झटके, 5.5 तीव्रता के झटकों ने उड़ाई नींद, सड़कों पर जमा रहे लोग

तुर्की के मध्य में शुक्रवार तड़के रिक्टर स्केल पर 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र टोकाट के निक्सार कस्बे में था. भूकंप की गहराई केवल 6.4 किलोमीटर थी, जिससे झटके तेज महसूस हुए. हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

Advertisement
X
भूकंप के झटके काफी तेज महसूस हुए. (Photo: Representational)
भूकंप के झटके काफी तेज महसूस हुए. (Photo: Representational)

मध्य तुर्की में शुक्रवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. तुर्की की डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (AFAD) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई है. भूकंप के झटकों ने लोगों को गहरी नींद से जगा दिया और दहशत के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.

AFAD ने बताया कि भूकंप सुबह 3:35 बजे आया. इसका केंद्र टोकाट प्रांत का निक्सार (Niksar) कस्बा था. भूकंप की गहराई जमीन से मात्र 6.4 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई. गहराई कम होने की वजह से इसके झटके काफी तेज महसूस किए गए और आसपास के कई अन्य प्रांतों में भी कंपन महसूस हुई.

राहत की बात ये है कि अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान या इमारतों के गिरने की खबर नहीं मिली है. AFAD ने आधिकारिक बयान में कहा कि फिलहाल कोई प्रतिकूल घटना सामने नहीं आई है.

स्थानीय लोगों में डर का माहौल

प्रशासन और आपातकालीन टीमें प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रही हैं. भले ही प्रशासन ने सुरक्षा का भरोसा दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. 'हेबरतुर्क' न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, कड़ाके की ठंड के बावजूद निक्सार और टोकाट के कई निवासी अपने घरों में लौटने से डर रहे हैं.

Advertisement

बड़ी संख्या में लोगों को सड़कों पर और अपनी कारों के भीतर इंतजार करते देखा गया. उन्हें डर है कि भूकंप के बाद और झटके आ सकते हैं. 

भूकंप ने ताजा की 2023 की भयावह यादें

तुर्की प्रमुख 'फॉल्ट लाइन्स' के ऊपर स्थित है, इसलिए यहां भूकंप आना एक आम बात है. हालांकि, शुक्रवार के इस भूकंप ने लोगों के मन में साल 2023 की भयावह यादें ताजा कर दी हैं. फरवरी 2023 में तुर्की में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था. उस त्रासदी ने 11 दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में भारी तबाही मचाई थी. उस भूकंप में तुर्की में 53,000 से ज्यादा लोगों की जान गई थी और लाखों इमारतें तबाह हो गई थीं.

वहीं, तुर्की के पड़ोसी देश सीरिया में भी करीब 6,000 लोग मारे गए थे. फिलहाल, बचाव दल टोकाट प्रांत के ग्रामीण इलाकों में सर्वे कर रहे हैं. स्थानीय प्रशासन ने सड़कों पर मौजूद लोगों के लिए सहायता के इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement