scorecardresearch
 

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 साल की उम्र में निधन

कतर के पूर्व अमीर और आधुनिक कतर के निर्माता माने जाने वाले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके नेतृत्व में कतर दुनिया की सबसे समृद्ध और प्रभावशाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ.

Advertisement
X
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी. (Photo- diwan.gov.qa)
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी. (Photo- diwan.gov.qa)

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया. कतर के अमीरी दीवान ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की. बयान में कहा गया, "अल्लाह के फैसले को स्वीकार करते हुए हम गहरे दुख के साथ पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन की जानकारी देते हैं. अल्लाह उन्हें जन्नत नसीब करे."

शेख हमद बिन खलीफा अल थानी को आधुनिक कतर का निर्माता माना जाता है. साल 1995 में उन्होंने बिना किसी खून-खराबे के सत्ता संभाली थी. उन्होंने अपने पिता शेख खलीफा बिन हमद अल थानी की जगह देश की कमान संभाली. करीब 18 साल तक कतर का नेतृत्व करने के बाद साल 2013 में उन्होंने अपनी इच्छा से सत्ता अपने बेटे और मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी. खाड़ी देशों में इस तरह शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता का हस्तांतरण बहुत कम देखने को मिलता है.

यह भी पढ़ें: 'गलती हो गई...', होर्मुज में जहाज पर हमले कर बुरा फंसा ईरान, अब आया कबूलनामा

शेख हमद ने इंग्लैंड की मशहूर रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से सैन्य शिक्षा हासिल की थी. उनके नेतृत्व में कतर ने आर्थिक और रणनीतिक दोनों मोर्चों पर तेजी से तरक्की की. उनके कार्यकाल में नॉर्थ फील्ड गैस भंडार का बड़े पैमाने पर विकास हुआ. इसी वजह से कतर दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी (LNG) निर्यातकों में शामिल हो गया. इसके बाद देश की प्रति व्यक्ति आय भी दुनिया में सबसे ऊंची आय वाले देशों में गिनी जाने लगी.

Advertisement

1996 में अल जजीरा न्यूज नेटवर्क की शुरुआत

मीडिया के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान रहा. साल 1996 में उनके संरक्षण में अल जजीरा न्यूज नेटवर्क की शुरुआत हुई. देखते ही देखते अल जजीरा अरब दुनिया के साथ-साथ पूरी दुनिया का एक बड़ा और प्रभावशाली न्यूज नेटवर्क बन गया.

रियल एस्टेट परियोजनाओं में कतर के निवेश

आर्थिक मोर्चे पर भी शेख हमद ने कतर को नई पहचान दिलाई. उनके नेतृत्व में कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) ने दुनिया भर में बड़े निवेश किए. लंदन के मशहूर हैरॉड्स डिपार्टमेंट स्टोर, फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) और कई बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाओं में कतर ने निवेश किया. इससे दुनिया में कतर की आर्थिक ताकत और प्रभाव काफी बढ़ा.

यह भी पढ़ें: होर्मुज किया बंद तो ईरान पर टूट पड़ा अमेरिका, तेल-गैस की सप्लाई पर फिर खतरा

2022 में कतर में हुआ फीफा विश्व कप

खेल और संस्कृति के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान रहा. उनके कार्यकाल में कतर ने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की तैयारी शुरू की. इसी का नतीजा था कि साल 2022 में कतर ने फीफा विश्व कप की सफल मेजबानी की.

विदेश नीति के मामले में भी शेख हमद ने कतर को नई पहचान दिलाई. उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय विवादों में मध्यस्थ की भूमिका निभाई और कतर को क्षेत्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक कूटनीति का भी एक अहम केंद्र बना दिया. उनके नेतृत्व में कतर दुनिया के प्रभावशाली देशों की सूची में अपनी मजबूत जगह बनाने में कामयाब रहा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement