PM Modi receives Seychelles' highest honour. PM Modi in Seychelles Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में एक भव्य समारोह में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर स्वीकार किया. इसके बाद उन्होंने सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ प्रदान किया गया. ये सम्मान पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए दिया जाता है.
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस (गोल्डन जयंती) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर भारतीय सेना की असम रेजिमेंट की मार्चिंग टुकड़ी, भारतीय नौसेना की टुकड़ी और सैन्य बैंड ने परेड में भाग लिया.
तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी भारतीय समयानुसार दोपहर 3:20 से 3:30 बजे तक वो भारतीय प्रवासियों से मुलाकात करेंगे. दोपहर 3:45 से शाम 4:45 बजे तक वे सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे और रात 10:30 बजे से रोश कैमन में आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे. इससे पहले उन्होंने सुबह 11:30 से दोपहर 1:20 बजे तक राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ स्टेट हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की.
पीएम की यात्रा से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहे...
पीएम मोदी ने कहा, 'हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता है. ये हमें जोड़ता है. जब लोग मैप देखते हैं, तो वो सेशेल्स को हिंद महासागर में द्वीपों के एक ग्रुप के तौर पर देख सकते हैं. लेकिन हम इससे कहीं ज्यादा बड़ी चीज देखते हैं. हम एक ऐसा देश देखते हैं जिसका दायरा उसके किनारों से बहुत आगे तक फैला हुआ है.'
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा, 'सेशेल्स की सबसे बड़ी ताकत उसके लोग हैं. पीढ़ियों से, दुनिया के सभी हिस्सों से लोग यहां आए हैं. वो अपने साथ अलग-अलग भाषाएं, रीति-रिवाज, विश्वास और परंपराएं लाए, और साथ मिलकर उन्होंने एक ऐसी पहचान बनाई जिस पर गर्व है और जिस पर सेशेल्स का गर्व है. नेशनल असेंबली का मोटो है अलग-अलग तरह की चीज़ों में एकता. इसे क्रियोल म्यूजिक की धुनों में सुना जा सकता है. इसे मौत्या डांस की लय में देखा जा सकता है, इसे फेस्टिवल क्रियोल के दौरान महसूस किया जा सकता है, जब देश अपनी विरासत की रिचनेस का जश्न मनाता है. हमारे कल्चर के बीच का कनेक्शन रोजमर्रा की ज़िंदगी में भी दिखता है. इसे कारी कोको, समोसे और चटनी के स्वाद में महसूस किया जा सकता है. इसे दीपावली, थाई पोंगल और नवरात्रि के दौरान गरबा डांस में देखा जा सकता है. यही क्रियोल स्पिरिट है जो हमें अपनी दोस्ती के भविष्य पर बहुत भरोसा देती है.'
PM मोदी ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली में कहा, 'मैं सेशेल्स के लोगों को आज सुबह मुझे गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन टाइटल से सम्मानित करने के लिए धन्यवाद देता हूं. इससे पर्यावरण संरक्षण के लिए बिना थके काम करने वाले सभी लोगों को हिम्मत मिलेगीय मैं अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं लाया हूं. सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र का पहला देश था जहां मैं 2015 में प्रधानमंत्री के तौर पर गया था, और ये अफ्रीका का मेरा पहला दौरा भी था. मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हिंद महासागर के लिए भारत के विजन में सेशेल्स की एक खास जगह है. दस साल बाद लौटने पर, ये विश्वास और भी मजबूत है. मुझे आपकी आजादी के 50 साल पूरे होने का जश्न मनाने में आपके साथ शामिल होकर खुशी हो रही है. इस मील के पत्थर पर सेशेल्स के लोगों को बधाई.'
पीएम मोदी ने सेशल्स की संसद को संबोधित करने का मौका देने के लिए आभार जताया. इस दौरान उन्होंने बताया कि सेशेल्स के साथ भारत का 50 साल पुराना रिश्ता है. उन्होंने कहा कि सेशेल्स के दिल में भारतीयों के लिए प्यार है. सेशेल्स के साथ भारत का प्यार का रिश्ता है और दोनों देश साझेदार हैं. पीएम मोदी ने इस दौरान हिंद महासागर को लेकर कहा कि ये दोनों देशों को जोड़ता है. उन्होंने हिंद महासागर को दोनों देशों का साझा घर बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सेशेल्स की संसद को संबोधित कर रहे हैं. ये उनके कार्यकाल का एक और बड़ा मील का पत्थर होगा, क्योंकि सेशेल्स की संसद 20वीं विदेशी संसद बन गई है, जहां पीएम मोदी ने संबोधन दिया हो. साल 2014 में पीएम बनते ही नरेंद्र मोदी ने भूटान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और फिजी की संसदों को संबोधित किया था. इसके अगले साल उन्होंने मॉरीशस की नेशनल असेंबली को संबोधित किया. साथ ही श्रीलंका, मंगोलिया, यूनाइटेड किंगडम (UK) और अफगानिस्तान की संसदों में भी अपना भाषण दिया. साल 2016 में पीएम मोदी ने पहली बार अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था. इसके बाद साल 2023 में उन्होंने वहां अपना दूसरा भाषण दिया. इसके साथ ही वो अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए.
पीएम मोदी ने साल 2018 में युगांडा, 2019 में मालदीव और 2024 में गुयाना की संसद को भी संबोधित किया. 2025 में इस सिलसिले को और रफ्तार मिली. पिछले साल जुलाई में अपनी विदेश यात्राओं के दौरान पीएम मोदी ने घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, और नामीबिया की राष्ट्रीय संसदों को संबोधित किया. इसके बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया, जो अफ्रीका और ग्लोबल साउथ के देशों के साथ भारत के गहरे होते रिश्तों को दिखाता है. इसी साल 25 फरवरी 2026 को पीएम मोदी ने एक नया इतिहास रचा. वो अपनी यरुशलम यात्रा के दौरान इस्राइल की संसद 'नेसेट' को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने.
पीएम मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की. इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं का रिव्यू किया. बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारा विजन हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है.' हिंद महासागर के महत्व पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हमारा मानना है कि हिंद महासागर हमारा साझा घर है. इसकी सुरक्षा, निरंतरता और समृद्धि हमारी साझा जिम्मेदारी है.'
पीएम ने बताया कि हमारा विश्वास है कि डिजिटल टेक्नोलोजी दोनों देशों के बीच की दूरी को कम करने का प्रभावी माध्यम है. हम डिजिटल पब्लिक इंफ्रराइट्रक्चर में भारत के सफल अनुभव को सेशेल्स के साथ साझा करेंगे और मुझे प्रसन्नता है कि आज UPI को सेशेल्स में लागू करने के लिए MOU किया जा रहा है.
मैं सेशेल्स की यात्रा ऐसे ऐतिहासिक समय पर कर रहा हूं, जब ये देश अपनी आजादी के 50 साल पूरे कर रहा है और हम भारत तथा सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 साल का जश्न मना रहे हैं. इन पांच दशकों में, हमने दोस्ती को भरोसे में, भरोसे को सहयोग में और सहयोग को जन-कल्याण में बदला है.
पीएम ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमारी साझेदारी समय की कसौटी पर खरी उतरी है. कोविड के मुश्किल वक्त में वैक्सीन की आपूर्ति से हमने एक मित्र के रूप में अपना दायित्व निभाया. आज जन औषधि पर किए गए MoU से सेशेल्स के लोगों को किफायती दवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी.
PM मोदी ने भारत-सेशेल्स संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान बोलते हुए कहा, 'हमारे स्नेहपूर्ण स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए मैं राष्ट्रपति हर्मिनी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं. इनके द्वारा "Guardians of the Blue Horizon" से सम्मानित किया जाना... मेरे लिए और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है. मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो क्लाइमेंट चेंज की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व मानते हैं.'
पीएम ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, 'हिन्द महासागर ने सदियों से भारत और सेशेल्स के संबंधों को सींचा है. इसकी लहरों ने हमारे बीच व्यापार, संस्कृति और मानवीय संबंधों को निरंतर पोषित किया है.
हमारा मानना है कि हिंद महासागर हमारा साझा घर है. इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि हमारी साझा ज़िम्मेदारी है. यही भावना हमारे MAHASAGAR विजन का आधार है.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स की सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ प्रदान किया गया है. ये सम्मान पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में नेतृत्व के लिए दिया जाता है. ये सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के सतत विकास को बढ़ावा देने और उनकी हरित विजन (Green Vision) की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता को मान्यता देता है.

PM Modi's Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वीप देश की अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के तहत रविवार को विक्टोरिया में स्टेट हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत की.
PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान विक्टोरिया में स्टेट हाउस में औपचारिक 'गार्ड ऑफ़ ऑनर' दिया गया. इस समारोह में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी मौजूद थे. ये समारोह इस द्वीपीय देश की मोदी की तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत का प्रतीक था.
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेशेल्स दौरे के दौरान विशाल कछुए को दिए गए सम्मान पर निशाना साधते हुए उन पर 'मास्टरली हाइपोक्रिसी' का आरोप लगाया.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन में एल्डाब्रा जायंट टॉरटॉइज (Aldabra Giant Tortoise) को सम्मान दे रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर उनकी सरकार ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना के जरिए देश में संवेदनशील पारिस्थितिकी को नष्ट करने पर आमादा है.
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि इस परियोजना से लेदरबैक कछुओं (Leatherback Turtles) का प्राकृतिक आवास नष्ट हो जाएगा, हजारों कोरल कॉलोनियां मिट जाएंगी और द्वीप की अनोखी जैव विविधता को भारी क्षति पहुंचेगी.
उन्होंने कहा, 'मैंने कई बार संबंधित केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन प्रधानमंत्री इस पारिस्थितिक आपदा को अंजाम देने पर अड़े हुए हैं.'
कांग्रेस ने दावा किया है कि पीएम मोदी का सेशेल्स में कछुओं की प्रजाति का सम्मान करना और स्वदेश में पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी करना दोहरा मापदंड है. ये विवाद प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान सामने आया है, जहां उन्होंने सेशेल्स की जैव विविधता की सराहना की थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वीप देश की अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के तहत रविवार को विक्टोरिया में स्टेट हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत की.