ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी सोमवार को पाकिस्तान पहुंचे. पश्चिम एशिया में लगातार बिगड़ते हालात के बीच इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और मौजूदा भू-राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा होगी.
इस्लामाबाद पहुंचने पर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एयरपोर्ट पर एस्कंदर मोमेनी का स्वागत किया. मोहसिन नकवी ने ही उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए (IRNA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर मोमेनी के इस्लामाबाद पहुंचने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है.
पाकिस्तानी चैनल 'जियो न्यूज' के मुताबिक, स्वागत के बाद मोहसिन नकवी ने कहा कि ईरानी गृह मंत्री अपने साथ कुछ अच्छी खबर लेकर आए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दौरा पाकिस्तान और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देगा. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह अच्छी खबर किस विषय से जुड़ी है. रिपोर्ट के अनुसार, अपने दौरे के दौरान एस्कंदर मोमेनी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से भी मुलाकात करेंगे.
यह भी पढ़ें: ईरानी सेना ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर शुरू किया तीन फेज का कोऑर्डिनेटेड ऑपरेशन
इन बैठकों में दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग, सीमा पर समन्वय, आतंकवाद-रोधी प्रयासों और पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात पर चर्चा होने की संभावना है. यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल के दिनों में अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. इसके जवाब में तेहरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी हितों और ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की है. दोनों देशों के बीच बढ़ते हमलों ने पूरे क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका को और गहरा कर दिया है.
मौजूदा हालात में ईरानी गृह मंत्री का पाकिस्तान दौरा क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है. पाकिस्तान, ईरान का पड़ोसी देश होने के साथ-साथ पश्चिम एशिया और दक्षिण एशिया के बीच एक अहम रणनीतिक कड़ी भी है. ऐसे में दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत पर क्षेत्र के अन्य देशों की भी नजर बनी हुई है. फिलहाल दोनों सरकारों की ओर से बैठक के एजेंडे या संभावित समझौतों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.