scorecardresearch
 

'जल्लादों को ऐसी सजा मिलेगी कि...', खामेनेई की मौत पर ईरान में मातम! ईरानी मीडिया क्या कह रही

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका और इजरायल के हमले में मौत हो गई है. ईरानी मीडिया ने उनकी मौत की पुष्टि की है और 40 दिनों का शोक घोषित किया गया है. खामेनेई की मौत से ईरान में मातम पसरा है और लोग मस्जिदों में इकट्ठा होकर शोक मना रहे हैं.

Advertisement
X
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिकी हमले में मारे गए हैं (File Photo: Reuters)
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिकी हमले में मारे गए हैं (File Photo: Reuters)

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है. अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को खामेनेई के दफ्तर पर हमला किया जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर मारे गए हैं. ईरानी मीडिया ने खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है. टीवी प्रेजेंटर ने रोते हुए खामेनेई की मौत की खबर सुनाई और बताया कि ईरान में 40 दिनों का शोक रहेगा.

खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अपने नए सुप्रीम लीडर का ऐलान कर दिया है. ईरान का नया सुप्रीम लीडर खामेनेई के बेटे मुज्तबा खामेनेई को बनाया गया है.

खामेनेई की मौत के बाद ईरान में मातम पसरा है. लोग मस्जिदों में जमा होकर अपने सुप्रीम लीडर के लिए रोते दिखाई दे रहे हैं. ईरान के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारे लगा रहे हैं. खामेनेई की मौत को लेकर ईरान की मीडिया में भी गमगीन माहौल है.

ईरान की न्यूज एजेंसी IRNA ने लिखा, 'इस्लामी क्रांति के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई शनिवार सुबह जायोनी शासन (इजरायल) और अमेरिका के हमले में शहीद हो गए हैं. क्रांति के नेता की शहादत के बाद कैबिनेट ने 40 दिनों के सार्वजनिक शोक और 7 दिनों की छुट्टियों की घोषणा की है.'

Advertisement

ईरान की प्रेस टीवी ने शोक में अपना लोगो काले रंग का कर दिया

ईरान की प्रेस टीवी ने अपने सुप्रीम लीडर के निधन पर शोक जताते हुए अपना लोगो ब्लैक कर लिया है. प्रेस टीवी ने लिखा कि 'इजरायल-अमेरिका के कायराना हमले में इस्लामिक क्रांति के नेता शहीद हो गए हैं.'

प्रेस टीवी ने लिखा, 'उनकी शहादत की घोषणा रविवार तड़के की गई. शनिवार सुबह तेहरान स्थित अयातुल्ला खामेनेई के आवास को निशाना बनाया गया, जिसमें उनकी बेटी, दामाद, बहू और एक पोता/पोती भी शहीद हो गए.'

खामेनेई की शहादत की घोषणा के बाद जारी बयान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि ईरानी राष्ट्र ने एक महान नेता खो दिया है जो घमंडी ताकतों के खिलाफ साहस और अल्लाह के रास्ते में की गई कोशिशों के लिए अपने युग में अद्वितीय थे.

बयान में कहा गया, 'मानवता के सबसे दुष्ट आतंकियों और जल्लादों के हाथों उनकी शहादत इस महान नेता की सच्चाई और उनकी ईमानदार सेवाओं की स्वीकार्यता का संकेत है.'

आईआरजीसी ने कहा कि इस्लाम और महान ईरान के लिए अयातुल्ला खामेनेई की शहादत विजय का संकेत और लक्ष्य के और करीब पहुंचना है. 

बयान में कहा गया,  'अमेरिका और जायोनी शासन की दुष्ट सरकारों का यह आपराधिक और आतंकी कृत्य धार्मिक, नैतिक, कानूनी और परंपरागत सिद्धांतों का साफ-साफ उल्लंघन है.  इसलिए उम्मत के इमाम के हत्यारों को कठोर और पछतावा कराने वाली सजा दी जाएगी. ईरान बदला लेकर रहेगा, उन्हें नहीं छोड़ेगा.'

Advertisement

ईरान की न्यूज एजेंसी Tasnim ने क्या लिखा?

ईरान की न्यूज एजेंसी Tasnim की रिपोर्ट में लिखा, 'इजरायल और अमेरिका के हमले में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई शहीद हो गए हैं. खामेनेई ने 1989 में इस्लामी गणराज्य के संस्थापक इमाम खुमैनी के निधन के बाद से 37 सालों तक ईरान और मुस्लिम उम्माह का नेतृत्व किया.'

एजेंसी ने आगे लिखा, 'ईरानी सशस्त्र बलों ने अमेरिकी-इजरायली आक्रामकता के जवाब में इजरायल के कब्जे वाले क्षेत्रों और मध्य-पूर्व में अमेरिकी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement