मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और हमलों के बीच ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने साफ तौर पर कहा है कि सभी भारतीय अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की आवाजाही से बचें. भारतीय दूतावास की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि नागरिक बिजली प्रतिष्ठानों, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें. साथ ही सभी को घर के अंदर रहने और किसी भी हाईवे मूवमेंट से पहले दूतावास से समन्वय करने को कहा गया है.
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो भारतीय दूतावास द्वारा बुक कराए गए होटलों में ठहरे हुए हैं, वे भी फिलहाल बाहर न निकलें और वहीं सुरक्षित रहें. सभी लोगों से कहा गया है कि वे दूतावास की टीम के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें.
यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान की सड़कों, रेलवे पुलों, रिहायशी इमारतों और प्रमुख तेल केंद्र खार्ग द्वीप को निशाना बनाया गया है. बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने भी नागरिकों को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वे जहां हैं, वहीं शरण लें और किसी भी तरह की अनावश्यक यात्रा से बचें.
डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी खत्म नहीं की, तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने ईरान को भारतीय समय के अनुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे तक की समयसीमा दी है.
भारत सरकार ने यह भी साफ किया है कि देश के भीतर किसी भी तरह की आवाजाही या सीमा पार करने की कोशिश केवल तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के निर्देश और समन्वय में ही की जाए. हालात को देखते हुए सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.