scorecardresearch
 

सड़कों पर जली हुई गाड़ियों की कतारें, बिजनेस हाउसेज पर भी हमले... मेक्सिको में एल मेंचो के खात्मे के बाद थम नहीं रही हिंसा

मेक्सिको में ड्रग लॉर्ड एल मेंचो के खात्मे के बाद शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. देश के करीब एक दर्जन शहरों में कार्टेल के सदस्यों ने गाड़ियों में आगजनी की, सड़कों को नष्ट कर दिया. हालात इतने खराब हैं कि स्कूलों को बंद कर दिया गया है और सरकार ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है.

Advertisement
X
मेक्सिको के मिचोआकान राज्य के कोइंट्जियो शहर की एक सड़क पर आगजनी में जले वाहन के पास से गुजरते यात्री. (Photo: AP)
मेक्सिको के मिचोआकान राज्य के कोइंट्जियो शहर की एक सड़क पर आगजनी में जले वाहन के पास से गुजरते यात्री. (Photo: AP)

मेक्सिको की सेना ने जलिस्को राज्य के टापाल्पा में एक स्पेशल ऑपरेशन के तहत कुख्यात ड्रग माफिया नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस, उर्फ ‘एल मेंचो’, को मार गिराया. वह जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का सरगना था, जो मेक्सिको के सबसे खतरनाक और पावरफुल ड्रग कार्टेल्स में से एक माना जाता था. सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल होने के बाद एल मेंचो को इलाज के लिए मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई.

एल मेंचो मेक्सिको के ड्रग सिंडिकेट का एक बड़ा नाम था, जिसकी तुलना कभी-कभी कोलंबियन ड्रग लॉर्ड पाब्लो एस्कोबार से भी की जाती है. उसकी मौत को मेक्सिको सरकार की मादक पदार्थ विरोधी मुहिम की अब तक की सबसे बड़ी सफलता बताई जा रही है. हालांकि, इसके बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसक जवाबी कार्रवाई देखने को मिली है. एल मेंचो कार्टेल के सदस्यों ने देश के कई प्रांतों में हिंसा और आगजनी की. वाहनों में आग लगाई, राजमार्गों को जाम किया और बड़े पैमाने पर दहशत फैलाई. बिजनेस हाउसेज, सुपरमार्केट, रिटेल स्टोर्स में भी कार्टेल के सदस्यों ने आगजनी और तोड़फोड़ की.

National Guards patrol the area outside of the General Prosecutor's headquarters in Mexico City, Sunday
मेक्सिको सिटी में जनरल प्रॉसिक्यूटर के हेडक्वार्टर के बाहर गश्त करते नेशनल गार्ड के जवान. (Photo: AP)

ग्वाडलाहारा समेत कई शहरों में लोग डर के मारे अपने घरों में बंद रहे और कई राज्यों में हालात सामान्य होने तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. जलिस्को प्रांत की राजधानी ग्वाडलाहारा हिंसा के कारण ठप पड़ गई है. शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमित स्टाफ के साथ विमानों का संचालन किया जा रहा है. टापाल्पा, जापोपान, प्यूर्टो वालार्टा और ग्वाडलाहारा में मेंचो कार्टेल के साथ झड़पों के दौरान सुरक्षा बलों के जवानों की जान गई. कई सैनिक घायल हुए और कई संदिग्ध गिरफ्तार किए गए. 

Advertisement

सेना ने बख्तरबंद वाहन और रॉकेट लॉन्चर सहित भारी हथियार भी जब्त किए. मेक्सिको के सुरक्षा सचिव ओमार गार्सिया हार्फुच ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन के बाद हुई हिंसा में नेशनल गार्ड के कम से कम 25 जवानों की मौत हुई है. मुठभेड़ में एल मेंचो कार्टेल के 30 सदस्य भी मारे गए. रक्षा सचिव रिकार्डो ट्रेविला ने कहा कि पश्चिमी मेक्सिको में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 2,500 अतिरिक्त सैनिक भेजे गए हैं. जलिस्को में पहले से करीब 7,000 सैनिक तैनात हैं और उन्हें बैकअप देने के लिए और जवानों की तैनाती की जा रही है. 

A charred truck blocks a road the day after the Mexican army killed Jalisco New Generation Cartel leader El Mencho
मेक्सिकन सेना द्वारा ड्रग लॉर्ड एल मेंचो को मारे जाने के बाद जलिस्को में कार्टेल सदस्यों ने वाहनों में आगजनी की. (Photo: AP)

एल मेंचो को मार गिराए जाने के बाद भड़की व्यापक हिंसा के चलते मेक्सिको की सरकार ने स्थानीय और विदेशी नागरिकों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी है. मेक्सिकन के करीब एक दर्जन राज्यों में एल मेंचो कार्टेल ने गाड़ियों में आग लगा दी और सड़कों को भी नष्ट कर दिया, जो सैन्य अभियानों को रोकने के लिए आमतौर पर इस्तेमाल की जाने वाली रणनीति है. आगजनी के कारण टूरिस्ट सिटी प्यूर्टो वालार्टा के ऊपर धुआं छा गया, जबकि हिंसा तेजी से पड़ोसी राज्य मिचोआकान में भी फैल गई, जहां सीजेएनजी की बड़े पैमाने पर उपस्थिति है. 

Advertisement
A charred vehicle sits at a damaged supermarket in Guadalajara, Jalisco state, Mexico
मेक्सिको के जलिस्को राज्य के ग्वाडालाहारा में एल मेंचो कार्टेल ने एक सुपरमार्केट में तोड़फोड़ और आगजनी की. (Photo: AP)

नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस (59 वर्ष), जिसे ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता था, मेक्सिको के पश्चिमी राज्य मिचोआकान का मूल निवासी था. संगठित अपराध से उसके संबंध कम से कम तीन दशक पुराने बताए जाते हैं. 1994 में अमेरिका में हेरोइन तस्करी के एक मामले में उस पर मुकदमा चला और तीन साल की सजा हुई. जेल से रिहा होकर मेक्सिको लौटने के बाद उसने देश की ड्रग तस्करी की दुनिया में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत की. ओसेगुएरा सर्वेंटेस के खिलाफ अमेरिका में कई मुकदमे दर्ज थे और अमेरिकी विदेश विभाग ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने पर 1.5 करोड़ डॉलर के इनाम की घोषणा की थी. एक साल पहले डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने एल मेंचो के कार्टेल को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement