अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से ईरान पर सैन्य अभियान पूरी ताकत के साथ जारी है. अमेरिकी सेना अब तक 7,000 से अधिक ठिकानों को निशाना बना चुकी है.
ट्रंप के मुताबिक, इन हमलों में ज्यादातर व्यावसायिक और सैन्य ठिकानों को टारगेट किया गया है. आज ही ईरान के तीन ऐसे स्थलों पर हमला किया गया, जहां मिसाइल और ड्रोन का निर्माण किया जा रहा था.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में अमेरिकी सेना की लगातार कार्रवाई जारी है. ट्रंप ने कहा माइंस बिछाने वाले 30 जहाजों को नष्ट कर दिया गया है. हालांकि यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि हार्मुज क्षेत्र में वास्तव में माइंस बिछाई गई थीं या नहीं.
ट्रंप ने बताया कि कुछ देशों ने कहा है कि वो इस जंग से दूर रहना चाहते हैं.
इसके अलावा ट्रंप ने ईरान की सैन्य ताकत के कमजोर पड़ने का दावा भी किया है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान की सैन्य क्षमता काफी हद तक कमजोर हो गई है.
ट्रंप ने बताया कि ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल हमलों में लगभग 90 प्रतिशत और ड्रोन हमलों में करीब 95 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 'कागजी शेर' कहा है.
यह भी पढ़ें: होर्मुज से 'शिवालिक' लेकर आया हजारों टन LPG, जानें- आपके किचन पर पड़ेगा क्या असर
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बोले ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज में जहाज मालिक जोखिम उठाने से बच रहे हैं. वहां माइन बिछाए जाने की आशंका ही जहाजों को दूर रखने के लिए पर्याप्त साबित हो रही है. वहीं ट्रंप ने बताया कि अमेरिका को तेल की जरूरत नहीं है.
ट्रंप ने कहा कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि वह गंभीर रूप से घायल हैं, कुछ का दावा है कि उनका एक पैर कट गया है, जबकि कुछ का कहना है कि उनकी मौत हो चुकी है. ट्रंप ने कहा कि कोई भी यह नहीं कह रहा वह पूरी तरह स्वस्थ हैं.
इसके अलावा, ट्रंप ने बताया कि इजरायल युद्ध के दौरान परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करेगा. ट्रंप के अनुसार ईरान अब बातचीत के जरिए समझौते की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है.