scorecardresearch
 

बांग्लादेश चुनाव में जीते हिन्दू सांसद ने कहा- मैं जन्म से हिन्दू हूं लेकिन…

बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की है. इस चुनाव में दो हिंदू उम्मीदवारों, गयेश्वर चंद्र रॉय और निताई रॉय चौधरी ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से जीतकर इतिहास रच दिया है.

Advertisement
X
बांग्लादेश चुनाव में जीते दो हिंदू उम्मीदवार निताई रॉय चौधरी और गयेश्वर चंद्र रॉय
बांग्लादेश चुनाव में जीते दो हिंदू उम्मीदवार निताई रॉय चौधरी और गयेश्वर चंद्र रॉय

बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव के नतीजे सामने हैं जिसमें तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल कर ली है. बीएनपी ने इस चुनाव में अल्पसंख्यकों का भरोसा जीतने के लिए 6 हिंदू उम्मीदवार उतारे थे जिनमें से दो ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है. जीतने वाले दोनों हिंदू उम्मीदवारों के नाम गयेश्वर चंद्र रॉय (Gayeshwar Chandra Roy) और निताई रॉय चौधरी (Nitai Roy Chowdhury) हैं.

बीएनपी के वरिष्ठ नेता और हिंदू समुदाय के प्रमुख चेहरे गयेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 सीट से शानदार जीत हासिल की है. उनकी यह जीत इसलिए खास है क्योंकि 1971 में बांग्लादेश की आजादी के बाद पहली बार ढाका से कोई हिंदू सांसद चुना गया है. रॉय ने 99,163 वोट हासिल कर जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार मो. शाहीनुर इस्लाम को हराया.

निताई रॉय चौधरी ने मगुरा-2 सीट से जीत दर्ज की. दोनों हिंदू उम्मीदवारों की जीत के साथ ही बांग्लादेशी संसद में अब हिंदुओं का प्रतिनिधित्व मजबूत होता दिख रहा है.

मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से आते हैं दोनों हिंदू उम्मीदवार

ये दोनों उम्मीदवार मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से जीते हैं और वो भी ऐसे वक्त में जहां पिछले डेढ़ सालों में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़े हैं. मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं पर काफी हमले हुए हैं और मंदिरों को भी निशाना बनाया गया है.

Advertisement


जीत के बाद दोनों नेताओं ने कहा है कि उनकी जीत संदेश देती है कि हिंदू समुदाय बीएनपी पर भरोसा कर सकता है. उन्होंने कहा कि बीएनपी के कार्यकाल में बांग्लादेश के नागरिकों को समान नागरिकता, सुरक्षा और अधिकारों की गारंटी मिलेगी. 

गयेश्वर रॉय ने कहा, 'मैं जन्म से हिंदू हूं लेकिन मेरी पहचान बांग्लादेशी है. यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, पूरे हिंदू समाज की है. मुझे सिर्फ हिंदुओं ने वोट नहीं दिया बल्कि सभी लोगों ने मेरे ऊपर भरोसा जताया है. बीएनपी सरकार अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी रहेगी.'

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय देश की आबादी का करीब 8-10% है. ऐसे में दो हिंदू सांसदों का जीतना संसद में हिंदू समुदाय की आवाज मजबूत कर सकेगा.

तारिक रहमान होंगे बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री

बांग्लादेश के चुनाव में बीएनपी को 299 में से 212 सीटें मिली हैं जो जीत के लिए जरूरी दो तिहाई सीटों से भी ज्यादा हैं. इस जीत के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं.

अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से जाने के बाद बांग्लादेश भारी हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा था. ऐसे में तारिक रहमान की जीत बांग्लादेश को कट्टरपंथी इस्लामिक राष्ट्र की तरफ बढ़ने से रोकेगी और लोकतंत्र को मजबूती देगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement