UH-1Y Venom अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह दावा करने के बाद कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर को मार गिराया है, अमेरिका ने मंगलवार को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी. दूसरी तरफ ईरान का दावा है कि अमेरिका के अपाचे हेलिकॉप्टर को उन्होंने नहीं गिराया. साथ ही दावा किया गया है कि अमेरिका इस घटना का बहाना बनाकर ईरान पर हमले कर रहा है. फिलहाल दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है तथा शांति वार्ता की संभावनाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया है कि ईरान के जास्क इलाके में फिर से धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं.
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'युद्ध के मैदान में हार के बावजूद, U.S. ने हमारे इरादे को परखने का फैसला किया. हमारी ताकतवर सेना किसी भी हमले या खतरे का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेगी. अगर आप सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमारे इलाके से चले जाएं. फारस की खाड़ी के इतिहास में घुसपैठ करने वाले बाहरी लोगों के बुरे अंजाम के बारे में कई अध्याय हैं.'
ईरान की तरफ से जानकारी मिली है कि केशम द्वीप पर अमेरिकी हमलों की वजह से छह धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. ऐसा माना जा रहा है कि ये अटैक ड्रोन नहीं, लड़ाकू विमान से किया गया.

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि ईरान पर अमेरिकी हमलों में होर्मुज के आसपास कई एयर डिफेंस और रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया था.
ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि होर्मुज में स्थित केशम द्वीप पर हमला हुआ और सिरिक में एक प्रोजेक्टाइल के टकराने की पुष्टि हुई है. बंदर अब्बास पर भी अटैक हुआ. ईरान की समाचार एजेंसी के मुताबिक, होर्मोजगन के पूर्वी इलाकों में धमाकों की आवाज सुनी गई.
कुछ वक्त बाद ही अमेरिकी सेना ने ईरान के अलग-अलग ठिकानों पर हमला बोल दिया. ट्रंप ने जानकारी दी कि अमेरिकी सेना एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के बाद ईरान पर हमले कर रही है, और उन्होंने कहा कि जवाब देना बहुत जरूरी था.
ट्रंप के दावे को ईरान ने नकार दिया, उन्होंने कहा कि अमेरिका का अपाचे हेलिकॉप्टर उन्होंने नहीं गिराया है. ईरान ने ट्रंप पर आरोप लगाया कि वो ऐसे बहाने खोजकर हमपर हमला करना चाहते हैं.
मंगलवार रात होर्मुज में अमेरिका का एक एपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ये क्रैश ईरानी हमलों की वजह से हुआ. हालांकि, दोनों पायलट्स को ड्रोन की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था. ट्रंप ने कहा कि इसका बदला जरूर लिया जाएगा.