बंगाल में भले चुनाव में इस बार कम हिंसा दिखी हो, लेकिन चुनाव के बाद तोड़फोड़ जारी है. आसनसोल के बराबनी और सालानपुर में टीएमसी के दो दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई. इसके अलावा गोधुली इलाके में भी कार्यालयों को नुकसान पहुंचाया गया. बीरभूम जिले के बोलपुर और किरनाहार में टीएमसी कार्यकर्ता की दुकान में आग लगाने और पार्टी कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ की खबरें हैं. कोलकाता शहर के टॉलीगंज, कस्बा, कमरहाटी, बरानगर और बारुईपुर इलाकों में टीएमसी कार्यालयों पर हमले हुए और तोड़फोड़ हुई मुर्शिदाबाद के बहरामपुर और नौदा में हिंसा हुई तो पश्चिम वर्धमान के कांसा इलाके में झड़प हुई. हावड़ा, जामुड़िया, दिनहाटा और मिदनापुर के मकरमपुर में भी हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई हैं हालांकि बीजेपी ने इस तरह की घटना पर नाराजगी जताई है और इसे फौरन रोकने को कहा है.