scorecardresearch
 

वाराणसी में बुजुर्ग की हत्या से सनसनी, बदमाशों ने सोते समय मारी गोली

वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग मलिन बस्ती में 60 वर्षीय राजन की घर के बाहर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने कनपटी पर सटाकर फायर किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement
X
दूसरी पत्नी की बेटी की सगाई में शामिल होने आए थे बुजुर्ग. (Photo: Screengrabs)
दूसरी पत्नी की बेटी की सगाई में शामिल होने आए थे बुजुर्ग. (Photo: Screengrabs)

वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. जहां घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बेनियाबाग पार्क के बगल स्थित मलिन बस्ती की है. हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

बेटे का दावा दो दिन पहले भी पिता को मारने आए थे बदमाश
मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह रविवार रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. सोमवार सुबह उनका शव खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा मिला. घटनास्थल से कई खाली कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने राजन की कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी. उनके शरीर पर अन्य जगहों पर भी गोली लगने के निशान मिले हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना देर रात या तड़के सुबह की है. हैरानी की बात यह है कि घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों को गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी.सुबह जब परिजन बाहर निकले तो उन्होंने राजन को मृत अवस्था में पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

Advertisement

मृतक के बेटे राजू ने बताया कि उनके पिता दो दिन पहले भी हमलावरों के निशाने पर थे.उनके अनुसार बाइक सवार दो युवक पिस्तौल लेकर राजन की तलाश में आए थे, लेकिन किसी कारण से वापस लौट गए थे. राजू का दावा है कि उनके पिता को तीन गोलियां मारी गईं, जबकि कुल पांच राउंड फायरिंग की गई थी. उन्होंने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है.

दूसरी पत्नी की बेटी की शादी में वाराणसी आए थे राजन
परिजनों के मुताबिक राजन ने दो शादियां की थीं.वह मिर्जापुर के नारायणपुर में अपनी एक पत्नी के साथ रहते थे, जबकि दूसरी पत्नी का परिवार वाराणसी में रहता है.वह दूसरी पत्नी के बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने के लिए वाराणसी आए हुए थे.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का खुलासा कर दिया जाएगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement