scorecardresearch
 

'दोस्तों के साथ होटल में पार्टी' का बहाना नहीं आया काम, शराब और बीयर के साथ युवक गिरफ्तार, इंस्पेक्टर संग बातचीत का Video

वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में शराब और बीयर के साथ बिहार निवासी युवक विकास कुमार को गिरफ्तार किया है. युवक ने पुलिस से कहा कि वह दोस्तों के साथ होटल में बर्थडे पार्टी के लिए शराब ले जा रहा था, लेकिन पुलिस ने एक्साइज एक्ट में कार्रवाई कर जेल भेज दिया. वहीं, इंस्पेक्टर और युवक की बातचीत का वीडियो वायरल हो गया है.

Advertisement
X
इंस्पेक्टर के सवालों में फंसा तस्कर.(Photo: Screengrab)
इंस्पेक्टर के सवालों में फंसा तस्कर.(Photo: Screengrab)

वाराणसी में चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे एक ऐसा युवक चढ़ गया, जिसने भारी मात्रा में शराब और बीयर ले जाने पर खुद को मासूम बताने की कोशिश की. युवक लगातार पुलिस को सफाई देता रहा कि वह दोस्तों के साथ होटल में बर्थडे पार्टी करने जा रहा है, लेकिन उसका यह बहाना काम नहीं आया. पुलिस ने उसे एक्साइज एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस पूरे मामले के दौरान इंस्पेक्टर और युवक के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दरअसल, मामला वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र का है. बताया गया कि रोडवेज चौकी के पास पुलिस गश्त कर रही थी. इसी दौरान शराब और बीयर की दुकान के पास सूटकेस लेकर खड़े एक संदिग्ध युवक पर पुलिस की नजर पड़ी. पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू की और उसका सूटकेस चेक किया गया. तलाशी के दौरान सूटकेस से कई बोतल अंग्रेजी शराब और बीयर की कई केन बरामद हुईं.

यह भी पढ़ें: LPG संकट पर वाराणसी में बड़ी राहत! अब नहीं रुकेगा मां अन्नपूर्णा का अन्नक्षेत्र, 24 घंटे PNG सप्लाई शुरू

पूछताछ में युवक ने अपना नाम विकास कुमार पुत्र राजेश दास निवासी दिग्धा थाना दिग्धा जिला पटना, बिहार बताया. पुलिस ने मौके से बरामद शराब और बीयर के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद एक्साइज एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया.

Advertisement

इंस्पेक्टर और युवक के बीच बातचीत वायरल

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें सिगरा थाना इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा युवक से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं. करीब 1 मिनट 38 सेकंड के वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर युवक से पूछते हैं कि वह कहां का रहने वाला है. युवक जवाब देता है कि वह बिहार के पटना का निवासी है.

देखें वीडियो...

इसके बाद इंस्पेक्टर पूछते हैं कि वह कहां रुका हुआ है. युवक बताता है कि वह सारनाथ के बुद्धा इन होटल जा रहा है. जब इंस्पेक्टर भारी मात्रा में शराब और बीयर ले जाने का कारण पूछते हैं तो युवक कहता है कि वह बर्थडे पार्टी के लिए सामान लेकर जा रहा है.

‘क्या बार चलाने वाले हो?’ सवाल पर युवक देता रहा सफाई

वीडियो में इंस्पेक्टर युवक से पूछते हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब इकट्ठा करने के लिए क्या उसके पास लाइसेंस है. इंस्पेक्टर यह भी पूछते हैं कि क्या वह बार चलाने वाला है. इस पर युवक लगातार ‘नहीं-नहीं’ कहता रहता है.

इसी दौरान इंस्पेक्टर सिपाही से बैग में रखे अन्य सामान के बारे में पूछते हैं तो युवक कहता है कि उसमें उसकी गर्लफ्रेंड के कपड़े हैं. इंस्पेक्टर पूछते हैं कि उसकी कितनी गर्लफ्रेंड हैं. युवक बताता है कि उसके कई दोस्त होटल पहुंचने वाले हैं, जिनमें कुछ बिहार और कुछ लखनऊ से आने वाले हैं. युवक यह भी कहता है कि उन्होंने पूरा होटल बुक किया है. इस पर इंस्पेक्टर पूछते हैं कि ‘वैली क्या होता है?’ तब युवक जवाब देता है कि उन्होंने पूरा होटल ही बुक किया है. फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement