उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 50 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 14 वर्षीय बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना 23 फरवरी की रात गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सहजनी क्रॉसिंग के पास हुई. रात करीब 8:45 बजे रेलवे ट्रैक के किनारे दोनों के शव पड़े मिले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
फोन, पर्स और सुसाइड नोट बरामद
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक सफेद कार भी मिली, जिसमें से मोबाइल फोन और पर्स बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार मोबाइल के पीछे एक छोटा सुसाइड नोट मिला, जिसमें कथित रूप से पत्नी को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विकास गुप्ता और उनकी 14 वर्षीय बेटी वेदिका के रूप में हुई. दोनों सहजनी चौराहे के पास किराए के मकान में रहते थे. पुलिस के मुताबिक विकास ने पहली पत्नी के निधन के बाद डॉली नाम की महिला से दूसरी शादी की थी. दांपत्य जीवन में विवाद की बात भी सामने आई है.
मुस्लिम युवक से संबंध और दुबई भागने की तैयारी
मृतक के भाई शिवम ओमर ने गंभीर आरोप लगाते हुए पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. उनका दावा है कि विकास की पत्नी का पिछले दो महीने से एक मुस्लिम युवक के साथ संबंध था और वह उसके साथ दुबई भाग जाने की योजना बना रही थी. आरोप है कि इस बात को लेकर परिवार में तनाव था. भाई के मुताबिक 19 फरवरी को इस विषय पर विवाद हुआ था और मारपीट की घटना भी हुई, जिसमें विकास के सिर में चोट आई थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 23 फरवरी को पुलिस को दी गई शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई.
परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया है. उधर पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की पड़ताल की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने की बात कही है.