उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर नाराज एक युवक ने बच्चों पर खौलता तेल डाल दिया, जिससे पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. घायल बच्चों को तत्काल लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां दो बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
तेरहवीं का कार्यक्रम की बच्चों पर हमला
यह मामला औरास थाना क्षेत्र के हसनपुर द्रगपालखेड़ा गांव का है. जानकारी के अनुसार गांव के लगभग 100 वर्षीय हीरालाल का निधन हो गया था. मंगलवार को उनके घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान खाना बनाने की व्यवस्था भी चल रही थी और हलवाई पूड़ियां तल रहा था.
बच्चों के पानी डालने से भड़का था शख्स
बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे कुछ बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे. खेल-खेल में बच्चों ने वहां मौजूद युवक विशाल पर पानी डाल दिया. इस बात से नाराज होकर युवक गुस्से में आ गया. गुस्से में उसने हलवाई की कढ़ाई से निकाला गया खौलता तेल, जो एक बाल्टी में रखा था, उठाकर बच्चों पर डाल दिया.
एकाएक मची चीख पुकार
अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई. बच्चों की हालत देखकर परिजन और गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. झुलसे हुए बच्चों को तुरंत उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया.
दो बच्चों की हालत गंभीर
घायलों में 14 साल के सुधीर, उसका 11 साल के भाई रौनक, 14 साल के सुमित, उसका 10 साल का भाई श्यामबाबू और गांव का 12 साल का मनोज शामिल हैं. इनमें से सुधीर और मनोज की हालत गंभीर बताई जा रही है. उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए दोनों को बाद में लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
ग्राम प्रधान बाल्मीकि के मुताबिक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. वहीं पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक विशाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.