scorecardresearch
 

मेरठ में ईद पर खूनी खेल: पैसों के लेनदेन में दो भाइयों की चाकुओं से गोदकर हत्या, 10 लोग घायल, गांव में फोर्स तैनात

मेरठ के सरधना क्षेत्र में ईद की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब पैसों के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. धारदार हथियारों से किए गए हमले में ग्राम प्रधान के दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
मेरठ के गांव में दो भाइयों की हत्या के बाद तनाव (Photo- Screengrab)
मेरठ के गांव में दो भाइयों की हत्या के बाद तनाव (Photo- Screengrab)

यूपी के मेरठ जिले में ईद के दिन खूनी खेल खेला गया. दरअसल, सरधना थाना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव में शाम पैसों के लेनदेन के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए. एक ही समुदाय के इन दो गुटों के बीच हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया और धारदार हथियारों से हमला किया गया. इस जानलेवा संघर्ष में ग्राम प्रधान सईदु के दो भाइयों, भूरा (38) और सईमुद्दीन (48) की चाकू लगने से मौत हो गई. वारदात शाम करीब साढ़े छह बजे ईद के त्योहार के दौरान अंजाम दी गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है. 

लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला

विवाद की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर निकल आए. आरोपी पक्ष ने ग्राम प्रधान के भाइयों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए. घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर करने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों के शरीर पर गहरे जख्म पाए गए हैं.

घटना में 8 से 10 लोग घायल

इस खूनी संघर्ष में केवल दो मौतें ही नहीं हुईं, बल्कि दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्रधान पक्ष के तोहिद और अजहरुद्दीन का इलाज जारी है, वहीं दूसरे पक्ष से साजिद और उसका बेटा साकिब भी जख्मी हैं. कुल मिलाकर 8 से 10 लोग इस हिंसा की चपेट में आए हैं. गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम तैनात की गई है.

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई  

एसएसपी अविनाश कुमार पांडे और एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मौके का मुआयना किया. पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और गांव में गश्त बढ़ा दी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement