
यूपी के संभल जिले में सपा का झंडा लगी और सांसद लिखी हुई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची नखासा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही स्कॉर्पियो को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि ये ब्लैक स्कॉर्पियो समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित सांसद जियाउर्रहमान बर्क के परिवार की है.
दरअसल, संभल जिले के ऐचोड़ा कंबोह थाना इलाके के अल्लीपुर गांव का निवासी 30 वर्षीय गौरव रविवार को चमरौआ गांव में अपने रिश्तेदारी से देर रात वापस लौट रहा था. जैसे ही बाइक सवार गौरव नखासा थाना इलाके में संभल हसनपुर मार्ग पर देहपा गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे रौंद दिया. इस हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई.
स्कॉर्पियो के नीचे बाइक फंसने के कारण एसयूवी का टायर भी फट गया, जिसकी वजह से चालक गाड़ी लेकर फरार नहीं हो सका. आसपास लोगों की भीड़ लग गई. हादसे की सूचना पर नखासा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो चालक मोहम्मद फहद को पकड़ लिया.

मृतक गौरव के पिता समरपाल की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सपा का झंडा लगी हुई स्कॉर्पियो कार सांसद जियाउर्रेहमान बर्क के परिवार की है और उनके परिवार के सदस्य के नाम पर ही रजिस्टर्ड है. हालांकि, हादसे के वक्त सपा सांसद गाड़ी में नहीं थे. वहीं, मृतक के परिजनों ने इंसाफ की मांग की है.
सीओ असमोली संतोष सिंह ने मौखिक तौर पर बताया कि पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि सांसद लिखी हुई स्कॉर्पियो में हादसे के समय कार चालक, गनर और एक अन्य युवक सवार थे. ये लोग सांसद जियाउर्रेहमान बर्क को गजरौला में सामान देकर वापस लौट रहे थे, उसी दौरान हादसा हुआ है.