उत्तर प्रदेश के रामपुर में बीच सड़क नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शाहबाद गेट मुख्य चौराहे का बताया जा रहा है, जहां एक युवक अचानक सड़क के बीचों-बीच बैठकर नमाज अदा करने लगा. व्यस्त चौराहे पर इस तरह की घटना से राहगीर भी हैरान रह गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
सड़क के बीचों बीच पढ़ी नमाज
शाहबाद गेट के मुख्य चौराहे का ये वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया. अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया है और संबंधित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
क्या बोला शख्स का परिवार
पुलिस के अनुसार, युवक के परिजनों ने दावा किया है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है. इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके.