उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सांप के काटने के बाद महिला का बेटा मां के साथ जिंदा सांप को भी डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंच गया. अस्पताल की इमरजेंसी में डिब्बे में सांप रखे जाने से डॉक्टर और स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया.
घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के मधईया गांव की है. यहां रहने वाली गंगा देवी घर में साफ-सफाई कर रही थीं, तभी उन्हें कोबरा सांप ने काट लिया. सांप के काटने के बाद महिला ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: 14 साल के बेटे को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गया पिता, पीलीभीत की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना
परिजन महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि महिला का बेटा सांप को भी डिब्बे में बंद कर अपने साथ ले आए. अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में परिजनों ने डॉक्टर की मेज पर डिब्बे में बंद सांप रख दिया, जिससे पूरे वार्ड में हड़कंप मच गया.
अस्पताल में मचा हड़कंप
डॉक्टरों ने स्थिति संभालते हुए सबसे पहले सांप को सुरक्षित तरीके से साइड में रखा और महिला का उपचार शुरू किया. डॉक्टरों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है.
डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर जरूर है, लेकिन फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाज की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
घटना के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि इमरजेंसी वार्ड में जिंदा सांप लाए जाने की घटना बेहद असामान्य थी.
परिजनों और डॉक्टर का बयान
महिला के बेटे देवकीनंदन ने बताया कि उनकी मां घर में काम कर रही थीं, तभी नाग ने काट लिया और वह बेहोश होने लगीं. इसी कारण वे मां और नाग दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे.
सीएमएस मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर रमाकांत सागर ने बताया कि महिला को कोबरा नाग ने काटा था और परिजन महिला के साथ सांप को भी अस्पताल ले आए. उन्होंने कहा कि महिला की स्थिति गंभीर है, लेकिन फिलहाल नियंत्रण में है और इलाज जारी है.