scorecardresearch
 

चार बच्चों ने पड़ोसी के घर से चुराए 20 लाख रुपये, बोले- काले रंग की थार खरीदनी थी, रील में देखी थी

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में एक घर से 20 लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है. जांच में सामने आया कि बच्चों ने काले रंग की थार कार खरीदने के मकसद से पड़ोसी के घर की अलमारी का ताला तोड़कर नकदी उड़ाई थी. नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें थार बहुत पसंद थी, रील में अक्सर देखते थे.

Advertisement
X
काले रंग की थार खरीदने के लिए बच्चों ने की चोरी. (Photo: Representational)
काले रंग की थार खरीदने के लिए बच्चों ने की चोरी. (Photo: Representational)

ग्रेटर नोएडा की जेवर पुलिस ने घर की अलमारी से 20 लाख रुपए चोरी होने के मामले का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है, उनके कब्जे से चोरी के रुपए भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि इन नाबालिगों ने थार गाड़ी खरीदने के लिए चोरी की थी.

दरअसल, जेवर के रहने वाले पार्श्व ने शिकायत की थी कि उनकी घर की अलमारी में रखे 20 लाख रुपए चोरी हो गए हैं. जब चोरी हुई, उस समय घर पर कोई नहीं था. वह वापस लौटे तो देखा कि अलमारी में रखे रुपये गायब थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पीड़ित ने बताया कि जमीन बेची थी, उसी के पैसे घर में रखे थे. इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया. पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 4 नाबालिगों को जेवर ऋषि रोड के पास से पकड़ लिया. उनके पास से रुपए भी बरामद कर लिए गए.

यह भी पढ़ें: MP: चाइल्ड केयर होम से भागे 6 बाल अपचारी, पूर्व DGP की नातिन अक्षया यादव हत्याकांड केस में थे बंद

चारों नाबालिग पीड़ित के पड़ोस में रहते हैं. पुलिस ने सभी से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि उन्हें काले रंग की थार बहुत पसंद है और थार खरीदने के लिए चोरी की थी.

Advertisement

चारों आरोपियों में से एक लड़का पीड़ित के घर जाता था. उसी ने देख लिया था कि अलमारी में कैश रखा है. इसके बाद उसने अपने दोस्तों को बताया. जब पीड़ित के घर पर कोई नहीं था तो सभी आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर 20 लाख रुपए चोरी कर लिए.

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति के घर से 20 लाख रुपए चोरी हो गए हैं. पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर कार्रवाई की. आरोपियों का पता लगाकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन्हें काले रंग की थार बहुत पसंद है. इन पैसों से थार खरीदना चाहते थे. पुलिस ने रुपए बरामद कर लिए हैं, आगे की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement