scorecardresearch
 

नोएडा: युवक की दबंगई, सोसाइटी गार्ड को बुरी तरह पीटा- VIDEO

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रजत विहार बी-ब्लॉक सोसाइटी में एक कार सवार ने गेट की बैरिकेडिंग तोड़कर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की. आरोपी ने गार्ड को थप्पड़ मारा, जिससे वह गिर पड़ा. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई.

Advertisement
X
कार सवार ने सोसाइटी के गार्ड को पीटा. (Photo: Screengrabs)
कार सवार ने सोसाइटी के गार्ड को पीटा. (Photo: Screengrabs)

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रजत विहार बी-ब्लॉक सोसाइटी में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. जहां एक कार सवार युवक ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद से निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार युवक तेज रफ्तार में सोसाइटी के गेट पर पहुंचा और बिना रुके बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए अंदर घुसने की कोशिश करने लगा. गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी गाड़ी से उतर आया और गार्ड के साथ बहस करने लगा. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने गार्ड को थप्पड़ मार दिया, जिससे वह दूर जाकर गिर पड़ा.

घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बीच-बचाव करने की कोशिश की और गार्ड को संभाला. घायल गार्ड को प्राथमिक उपचार दिया गया. वहीं, घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. यह मामला थाना सेक्टर-58 क्षेत्र का बताया जा रहा है.

घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

नोएडा पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही सोसाइटी के निवासियों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें. इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. निवासियों ने मांग की है कि गेट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाए व ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement