मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के असर के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ती दिखाई दे रही है. कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां लोग घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गैस एजेंसी संचालकों और संबंधित अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की.
सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखा जाए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए.
यह भी पढ़ें: LPG Rule Change: ईरान युद्ध से एलपीजी पर संकट... एक्शन मोड में सरकार, दनादन ले रही बड़े फैसले
कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सख्त
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस की कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की ओर से यह भी तय किया गया कि निगरानी के लिए विशेष टीमें बनाई जाएंगी, जो जिले में लगातार छापेमारी करेंगी. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी गैस की कालाबाजारी न हो और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें. प्रशासन का कहना है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोगों को घरेलू गैस की किसी भी तरह की कमी का सामना न करना पड़े.
बुकिंग और डिलीवरी के नियमों में बदलाव
इस मामले पर प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी प्रकार की पैनिक स्थिति पैदा करने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने बताया कि केवल बुकिंग और डिलीवरी के नियमों में बदलाव किया गया है. अब उपभोक्ता अपनी पिछली डिलीवरी की तारीख के 25 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जबकि डबल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद बुकिंग करा सकते हैं.
रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी से होगी डिलीवरी
स्मृति गौतम ने बताया कि जिसने पहले बुकिंग कराई होगी, उसे पहले डिलीवरी दी जाएगी. इसके लिए उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे सत्यापित करना आवश्यक होगा.
उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस सिलेंडर केवल अधिकृत एजेंसी से ही ऑफलाइन कैश के माध्यम से लें और किसी अन्य स्रोत से गैस न खरीदें, ताकि ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाई जा सके. प्रशासन की टीमें लगातार जिले में भ्रमण कर रही हैं और यदि कहीं भी कालाबाजारी की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.