मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को खंभे से बांधकर पीटते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि युवक पर एटीएम में तोड़फोड़ करने और चोरी का प्रयास करने का आरोप है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को एटीएम में छेड़छाड़ करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया था. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और गुस्साई भीड़ ने उसे बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान लोगों ने आरोपी को खंभे से बांध दिया और काफी देर तक मौके पर हंगामा होता रहा.
यह भी पढ़ें: मेरठ मर्डर मिस्ट्री: अर्चिता या तुर्कमेनिस्तान की 'मुहब्बत'? शव की पहचान पर उलझी पुलिस, खुलासे पर सवाल
घटना का वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार की है. घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को खंभे से बांधकर लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है. घटना के संबंध में सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल की.
देखें वीडियो...
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी को भेजा जेल
मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि थाना कंकरखेड़ा पुलिस को पब्लिक की ओर से सूचना मिली थी कि एक युवक एटीएम में तोड़फोड़ कर रहा है और उसे लोगों ने पकड़ लिया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की.
जांच में सामने आया कि युवक एटीएम से छेड़छाड़ कर रहा था और उसे तोड़ने का प्रयास कर रहा था. पुलिस के अनुसार युवक नशे की हालत में था. लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.