scorecardresearch
 

'मैच देख रहा हूं, आज घर नहीं आऊंगा...', कानपुर में IPL फाइनल की रात कोचिंग संचालक की हत्या, लाखों का सोना और ब्रेसलेट गायब

Kanpur Coaching Owner Murder: कानपुर के नवाबगंज में कंप्यूटर कोचिंग संचालक प्रकाश गुप्ता की आईपीएल फाइनल मैच देखने के दौरान कोचिंग के अंदर ही हत्या कर दी गई. सोने की चेन और ब्रेसलेट गायब हैं...

Advertisement
X
IPL मैच के शौकीन कोचिंग डायरेक्टर की हत्या से कानपुर में हड़कंप.(Photo:ITG)
IPL मैच के शौकीन कोचिंग डायरेक्टर की हत्या से कानपुर में हड़कंप.(Photo:ITG)

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां रविवार रात आईपीएल (IPL) का फाइनल मैच देख रहे एक कंप्यूटर कोचिंग संस्थान के संचालक की कोचिंग के भीतर ही निर्मम हत्या कर दी गई. सोमवार सुबह युवक का लहूलुहान शव कोचिंग के फर्श पर पड़ा मिला. मृतक के शरीर पर चोटों के गहरे निशान हैं और उनके शरीर से लाखों रुपये के चेन और ब्रेसलेट गायब हैं. परिजनों ने लूट के इरादे से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

यह दर्दनाक मामला कानपुर के नवाबगंज थाना इलाके का है. मूल रूप से यशोदा नगर के रहने वाले प्रकाश गुप्ता नवाबगंज में 'डाटा एक्सपर्ट कंप्यूटर सेंटर' नाम से एक कोचिंग संस्थान चलाते थे और खुद ही उसकी देखरेख करते थे. प्रकाश अभी अविवाहित थे और क्रिकेट मैच देखने के बेहद शौकीन थे.

रविवार की शाम को पूरे देश के साथ-साथ प्रकाश पर भी आईपीएल के फाइनल मैच का रोमांच सवार था. उन्होंने अपने घर पर फोन करके जानकारी दी कि मैच काफी आधी रात तक चलेगा, इसलिए वे रात को घर वापस नहीं आ रहे हैं और मैच देखने के बाद कोचिंग सेंटर में ही सो जाएंगे. चूंकि वे अक्सर काम और मैच के सिलसिले में रुक जाते थे, इसलिए घरवाले भी आश्वस्त हो गए.

कोचिंग पहुंचे भाई ने देखा खौफनाक मंजर
सोमवार सुबह जब परिजनों ने प्रकाश के मोबाइल पर कॉल की, तो कई बार घंटी जाने के बाद भी फोन नहीं उठा. अनहोनी की आशंका होने पर प्रकाश के भाई विकास गुप्ता नवाबगंज स्थित कंप्यूटर कोचिंग संस्थान पहुंचे. जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए.

Advertisement

प्रकाश की बॉडी कोचिंग के अंदर फर्श पर संदिग्ध अवस्था में पड़ी हुई थी. मृतक के भाई विकास गुप्ता के अनुसार, कोचिंग संस्थान का सामान इधर-उधर बिखरा और टूटा हुआ पड़ा था, जिससे साफ था कि हत्यारों के साथ प्रकाश का काफी संघर्ष हुआ था.

सोना और पर्स गायब
प्रकाश के शरीर पर जगह-जगह गंभीर चोटों के निशान थे. उनके गले में पहनी हुई सोने की भारी चेन और हाथ का कीमती ब्रेसलेट पूरी तरह गायब था. परिजनों का आरोप है कि उनकी बॉडी को फर्श पर बेरहमी से घसीटा गया है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नवाबगंज थाने की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

मुंह से निकल रहा था खून

इस पूरे मामले में कानपुर के डीसीपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, "कोचिंग सेंटर चलाने वाले युवक का शव संदिग्ध अवस्था में उसके ही सेंटर के भीतर मिला है. मृतक के चेहरे पर चोट के गहरे निशान हैं और उनके मुंह से खून निकला हुआ था. हालांकि, तलाशी के दौरान उनकी जेब से उनका पर्स बरामद हुआ है, जिसमें 15000 रुपये सुरक्षित मिले हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के सही कारणों और चोटों की प्रकृति का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. परिजनों के आरोपों और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच की जा रही है."

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement