लखनऊ के गोमतीनगर में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर इनकम टैक्स ने छापेमारी की है. बलिया जिले की रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर के घर पहुंची आयकर विभाग की टीम रिकॉर्ड्स खंगाल रही है. इस अचानक हुई कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है.
जानकारी के मुताबिक, बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर इनकम टैक्स विभाग ने सुबह करीब 7 बजे छापेमारी की. दर्जनों अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ विधायक के आवास पर पहुंची. टीम दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है.
मालूम हो कि रसड़ा विधायक उमाशंकर फिलहाल कैंसर से पीड़ित हैं. उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं. लखनऊ में अपने आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं. वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़ी जांच के कारण हुई इस अचानक कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है. सूत्रों के अनुसार, छापे में 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं और भारी फोर्स तैनात है. हालांकि, विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है.
उमाशंकर सिंह पीडब्यूडी के बड़े ठेकेदार भी हैं. वह उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक हैं. हाल ही में स्थानीय मंत्री दयाशंकर सिंह से उनकी जुबानी जंग ने बलिया समेत प्रदेश में जमकर सुर्खियां बटोरी थीं. मामला एक ब्रिज के उद्घाटन से जुड़ा था.