scorecardresearch
 

फोन पर 'पापा' की आवाज सुनाई, बच्चों को भरोसा दिलाया... और लेकर भाग गए दो गैस सिलेंडर

ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 इलाके में दो शातिर बदमाशों ने घर में मौजूद बच्चों को गैस एजेंसी कर्मचारी बनकर झांसा दे दिया. आरोपियों ने लीकेज चेक करने के बहाने किचन से दो सिलेंडर निकाले और फरार हो गए. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

Advertisement
X
बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से पहुंचे थे आरोपी. (Photo: Screengrab)
बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से पहुंचे थे आरोपी. (Photo: Screengrab)

ग्रेटर नोएडा में गैस सिलेंडर चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शातिर चोरों ने बच्चों को झांसा देकर घर से दो सिलेंडर पार कर दिए. यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कई हिस्सों में गैस सप्लाई को लेकर किल्लत की शिकायतें सामने आ रही हैं.

यह मामला बीटा-2 थाना क्षेत्र का है. पीड़ित प्रदीप सजवाण मूल रूप से रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं. वे पिछले तीन साल से ग्रेटर नोएडा में किराए पर रह रहे हैं. घटना सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे की है, जब उनके घर पर केवल उनके दो बच्चे थे, इनमें एक 8 साल का और दूसरा 14 साल का है. माता-पिता दोनों ड्यूटी पर गए हुए थे.

इसी दौरान बाइक सवार दो युवक घर पहुंचे. एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था. दोनों ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उन्हें सिलेंडर में लीकेज की शिकायत मिली है और वे जांच करने आए हैं. जब बच्चों ने कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं है तो आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए नया तरीका निकाला.

एक युवक ने मोबाइल से कॉल मिलाने का नाटक किया और बच्चों को उनके पिता से बात कराने की बात कही. फोन पर दूसरी तरफ से एक आवाज सुनाई दी, बच्चों को लगा कि पिता की ही आवाज है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पटना में दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी... चोर घर में घुसा, घरवालों को भनक तक नहीं लगी, CCTV में कैद हुई करतूत

इसी के बाद आरोपियों ने घर के अंदर एंट्री की. किचन में पहुंचकर उन्होंने सिलेंडरों पर पानी डालकर लीकेज चेक करने का ड्रामा किया और बच्चों से कहा कि ये सिलेंडर खराब हैं, इन्हें बदलना पड़ेगा. बच्चे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों आरोपियों ने रसोई में रखे दो गैस सिलेंडर उठाए और बाहर खड़ी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर रखकर फरार हो गए.

कुछ देर बाद जब बच्चों की मां घर लौटीं, तो उन्होंने घटना की जानकारी दी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मामले की शिकायत बीटा-2 थाने में दर्ज कराई गई है. यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों आरोपी बाइक पर सिलेंडर लेकर भाग रहे हैं. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस तरह की स्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करें. किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न करने दें, चाहे वह खुद को किसी भी कंपनी या एजेंसी का कर्मचारी क्यों न बताए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement