मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके की बुद्धि विहार कॉलोनी में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि जो जुड़वां भाई-बहन सोशल मीडिया पर अपनी नजदीकी और प्यार भरे रिश्ते के लिए जाने जाते थे, उनके बीच ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया. होली के बाद भाई हार्दिक ने अपनी ही बहन हिमशिखा पर चाकू से कई बार वार कर उसकी जान ले ली. बताया जा रहा है कि उसने बहन के शरीर पर करीब 40 बार चाकू से हमला किया. बीच-बचाव करने आई मां नीलिमा को भी उसने नहीं छोड़ा और उन पर छह बार चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. फिलहाल आरोपी हार्दिक पुलिस की गिरफ्त में है.
25 दिसंबर को डाला गया था वीडियो
बताया जाता है कि हार्दिक पहले एक बड़ी तकनीकी कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन बाद में उसने वह नौकरी छोड़ दी और इंटरनेट पर वीडियो बनाकर साझा करने लगा. वह अक्सर अपने काम के अनुभव और बहन से जुड़ी बातें भी वीडियो में बताता था. 25 दिसंबर को डाले गए एक वीडियो में उसने कहा था कि उसकी बहन जिस कंपनी में काम कर रही थी, वहां का माहौल अच्छा नहीं था, इसलिए उसने नौकरी छोड़कर नई कंपनी ज्वाइन कर ली. उसी वीडियो में हिमशिखा भी नजर आती है और बताती है कि नई नौकरी में उसे एक हफ्ते की छुट्टी मिल गई है. दोनों वीडियो में काफी खुश दिखाई देते हैं और बताते हैं कि वे पूरे परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने जाने वाले हैं.
रिश्ते को लेकर हुई थी बात
इधर इस घटना के बाद हार्दिक का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. यह वीडियो उसकी बहन हिमशिखा ने भी साझा किया था. दो जनवरी को डाले गए इस वीडियो में दोनों भाई-बहन अपने जन्मदिन के बाद ननिहाल पहुंचे दिखाई देते हैं. छत पर बैठकर वे अपने नाना के साथ बातचीत करते हुए वीडियो बना रहे हैं. बातचीत के दौरान हार्दिक नाना से पूछता है कि क्या किसी रिश्ते में धर्म का कोई महत्व होता है. इस पर हिमशिखा मुस्कुराते हुए कहती है कि धर्म कोई भी हो सकता है, चाहे मुसलमान ही क्यों न हो.
ब्रेकअप के बाद परेशान था हार्दिक
अब इस वीडियो को हार्दिक की निजी जिंदगी से जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि उसे एक मुस्लिम युवती से प्रेम हो गया था, लेकिन बाद में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. इस ब्रेकअप के बाद वह काफी परेशान रहने लगा था. कुछ लोगों का कहना है कि वह अपने टूटे रिश्ते के लिए मां और बहन को जिम्मेदार मानने लगा था. वीडियो में भी वह अपने नाना से कहता है कि धर्म से कोई फर्क नहीं पड़ता, यह सब पुरानी सोच है, जिस पर बहन हल्के अंदाज में धर्म की बात दोहराती है.