उत्तर प्रदेश के बांदा में आपसी तनातनी में बड़े भाई ने छोटे भाई के परिवार पर तलवार और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पीड़ित और उसकी पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं. आरोपी ने खाना खाते समय अचानक से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिसमें उसके भाई के सीने, सिर, हाथ सहित कई जगह गंभीर चोट निशान हैं. उसे कई दर्जन टांके लगे हैं और प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल है.
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही हमले में उपयोग की गई कुल्हाड़ी बरामद की है. पुलिस का कहना है कि दोनों का आपसी और धरेलू कहासुनी का मामला है, जिसमे तनातनी में बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
एसपी पलाश बंसल के मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि कालिंजर थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों में आपसी कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिसमें पीड़ित और उसकी पत्नी घायल हो गए, सूचना मिलने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है. मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है, कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गयी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.